मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा की पहल, प्रदीप भुवालका परिवार ने किया अमृतधारा का दान
रिपोर्ट: सेंकी अग्रवाल
गोरेश्वर। गोरेश्वर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में उपचार और स्वास्थ्य जांच के लिए आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को अब शीतल और स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा की ओर से अस्पताल परिसर में अमृतधारा स्थापित की गई, जिसका उद्घाटन सोमवार को आयोजित समारोह में किया गया।
अमृतधारा का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों को आसानी से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इस सेवा कार्य के लिए सम्मेलन के उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका एवं उनके परिवार की ओर से अमृतधारा का दान किया गया।
मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिरला ने बताया कि शाखा की ओर से समय-समय पर विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में गोरेश्वर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में अमृतधारा स्थापित की गई है, जिससे प्रतिदिन अस्पताल आने वाले बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रथम चरण में शाखा अध्यक्ष शंकर बिरला ने गोरेश्वर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के सुप्रिटेंडेंट डॉ. नव चक्रवर्ती का फुलाम गामोचा पहनाकर स्वागत किया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी सम्मेलन के पदाधिकारियों एवं अतिथियों का फुलाम गामोचा से स्वागत किया गया।
इसके बाद डॉ. नव चक्रवर्ती, कैलाश काबरा, शंकर बिरला तथा दानदाता परिवार के प्रदीप भुवालका ने संयुक्त रूप से फीता काटकर अमृतधारा का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर कैलाश काबरा ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों के लिए किया गया सेवा कार्य समाज को जोड़ने के साथ मानवता की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थान पर अमृतधारा की स्थापना को उपयोगी एवं जनहितकारी पहल बताया।
डॉ. नव चक्रवर्ती ने भी मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ पेयजल की सुविधा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अमृतधारा के लिए सम्मेलन और दानदाता परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिरला, मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, शाखा सचिव सूरज सिंघानिया, विनोद जिंदल, प्रदीप अग्रवाल, माखन अग्रवाल, विनीत मुरारका, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य संजय मोर एवं राजकुमार तिवारी, बिजय अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा गोरेश्वर शाखा के सचिव संजय बाकलीवाल, मारवाड़ी युवा मंच गोरेश्वर शाखा के अध्यक्ष कमल जैन, सचिव सेंकी अग्रवाल, शाखा के पूर्व अध्यक्ष आनंद जैन सहित स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
उपस्थित लोगों ने मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित यह अमृतधारा केवल पेयजल सुविधा नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और मानवता की भावना का प्रतीक है। उन्होंने दानदाता प्रदीप भुवालका परिवार के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
मारवाड़ी सम्मेलन की इस पहल से गोरेश्वर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पेयजल के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। सम्मेलन पदाधिकारियों ने भविष्य में भी जनहित एवं सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें