सैकड़ों मरीजों, परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों को कराया गया सात्विक भोजन
गुवाहाटी। महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में समस्त अग्रवाल समाज की ओर से विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी कड़ी में शनिवार को बी. बरुआ कैंसर अस्पताल में आहार सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों के बीच खीर, खिचड़ी, सब्जी सहित सात्विक भोजन वितरित किया गया।
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर इस वर्ष चार दिवसीय आहार सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को पहले दिन जीएमसी अस्पताल परिसर में जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया। शनिवार को बी. बरुआ कैंसर अस्पताल में सेवा दी गई। आगामी 11 अक्टूबर को फैंसी बाजार और 12 अक्टूबर को आठगांव गौहाटी गौशाला परिसर में आहार वितरण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और परोपकार की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इसके अलावा, आगामी 25 अक्टूबर को रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना है। आयोजकों ने समाज के सभी सदस्यों से स्वयं रक्तदान करने और अपने परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है। इच्छुक लोगों से अग्रिम रूप से नाम दर्ज कराने की अपील की गई है। शिविर में लगभग 100 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में 11 और 25 अक्टूबर को स्थानीय सांगानेरिया धर्मशाला तथा होटल विश्वरत्न में विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आहार सेवा कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की सभी संस्थाओं ने सहयोग दिया।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें