गुवाहाटी: विप्र फाउण्डेशन असम जोन-8,गुवाहाटी चैप्टर तथा महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 17 दिसंबर से 23 दिसंबर तक गुवाहाटी गौशाला के वृंदावन गार्डन में श्रीमद्भागवत कथा का दिव्य तथा भव्य आयोजन किया जा रहा है।श्रीमद् दण्डी स्वामी शिवेंद्राश्रम जी महाराज के मुखारबिंद से होने वाली इस कथा के मुख्य यजमान भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं विप्र फाउण्डेशन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार शर्मा तथा स्थानीय समाजसेवी हरेन महंतो ने बताया कि माँ कामाख्या की पावन नगरी में पवित्र गौ-धरा गौशाला में श्रीमद्भागवत कथा जैसी आध्यात्मिक ज्ञान गंगा में असम के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंतो बिस्व शर्मा कथा के मुख्य संरक्षक होंगे। मुख्यमंत्री ने कथा के आयोजकों के इस कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि स्थानीय समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यह धार्मिक कार्य न केवल आपसी सामाजिक एकता को प्रगाढ़ करेगा बल्कि असमिया और मारवाड़ी क्षेत्रीयता से परे भगवान नारायण श्रीहरि के प्रति हमारी अपनी सनातन जड़ों तथा आपसी धार्मिक पकड़ को मज़बूत करेगा।
मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को मारवाड़ी तथा असमीया समाज के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समन्वय का एक प्रशंसनीय प्रयास बताया तथा सर्व समाज से इस कार्यक्रम में पधारकर भगवत् नाम का श्रवण कर आयोजन की दिव्यता को सम्पूर्णता प्रदान करने की कामना भी की है। इस आशय की जानकारी विप्र फाउंडेशन भागवत कथा ज्ञान यज्ञ समिति के जनसंपर्क एवं प्रचार प्रसार प्रभारी संपत मिश्र ने प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें