9 जनवरी को निकलेगी भव्य चुनड़ी यात्रा, दो दिवसीय समारोह में भजन संध्या व मंगल पाठ; बाहर से पहुंचेंगे 200 से अधिक अतिथि
गुवाहाटी। श्री शाकंभरी भक्त मंडल के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 9 और 10 जनवरी 2027 को श्री गौहाटी गौशाला परिसर में आयोजित होने वाले रजत जयंती महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए गठित विभिन्न उपसमितियां तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
इसी क्रम में रविवार को रजत जयंती समारोह समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न उपसमितियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
समारोह समिति के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश शाह ने बताया कि रजत जयंती महोत्सव में गुवाहाटी के बाहर से 200 से अधिक अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। उनके ठहरने के लिए विभिन्न भवनों एवं धर्मशालाओं में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव को यादगार बनाने के लिए सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि 9 जनवरी को भव्य चुनड़ी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा गुवाहाटी के लिए एक विशेष और अनूठा धार्मिक आयोजन होगी। चुनड़ी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शाह ने सभी सदस्यों से महोत्सव की तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
समारोह समिति के संयोजक कुमार गौरव ने दो दिवसीय महोत्सव के प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि भजन एवं मंगल पाठ के लिए देश के विभिन्न शहरों से प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इनमें सूरत से सुरभि बिरजूका, नागपुर से उज्जवल खाखोलिया तथा कोलकाता से रितेश बरनवाल और प्रिया पोद्दार शामिल हैं। इसके अलावा गुवाहाटी के चार भजन गायक कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
बैठक में पंडाल एवं आयोजन स्थल की सजावट व व्यवस्था, बाहर से आने वाले अतिथियों के आवास, प्रचार-प्रसार, रजत जयंती स्मारिका के प्रकाशन, प्रसाद एवं भंडारा, सुरक्षा व्यवस्था, ध्वनि व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपसमितियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में विजय अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अनिल खेतान, विधान हरलालका, विष्णु सुल्तानिया, प्रभात शर्मा, घनश्याम लडिया, मदन गोपाल चौधरी, दीपक धारीवाल, ललित मिश्रा, जितेश जालान, संजय खेतान और घनश्याम चिरानिया सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार एवं सुझाव रखे। बैठक का संचालन समारोह समिति के सलाहकार प्रमोद तिवाड़ी ने किया।
उल्लेखनीय है कि श्री शाकंभरी भक्त मंडल अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 9 और 10 जनवरी 2027 को श्री गौहाटी गौशाला परिसर में रजत जयंती महोत्सव आयोजित कर रहा है। दो दिवसीय इस धार्मिक समारोह में भव्य चुनड़ी यात्रा, भजन प्रस्तुतियां, मंगल पाठ सहित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में देश के विभिन्न शहरों से श्रद्धालुओं और अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।



.png)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें