विधायक विकास सैकिया ने किया उद्घाटन, तीन दिनों तक राज्य की महिला टीमों के बीच होंगे मुकाबले
रिपोर्ट: बिजू तुनवाल, टियोक
टियोक। महिला फुटबॉल को प्रोत्साहन देने और महान वीरांगना साधनी के त्याग, साहस एवं वीरता को स्मरण करने के उद्देश्य से जोरहाट जिले के काकोजान में शुक्रवार को प्रथम वार्षिक राज्यस्तरीय वीरांगना साधनी कप महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में खेल उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चुटिया युवा सम्मेलन, असम की जोरहाट जिला समिति की पहल पर आयोजित यह प्रतियोगिता 9 से 11 अक्टूबर तक काकोजान क्रीड़ा संघ के खेल मैदान में चलेगी। इसमें असम के विभिन्न जिलों की प्रमुख महिला फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और टीम भावना प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी।
प्रतियोगिता के आयोजन में चाओखाट, दिहा काकोजान और पीड़ाकटा आंचलिक समितियां आतिथ्य संबंधी जिम्मेदारी निभा रही हैं। काकोजान क्रीड़ा संघ और काकोजान फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र सहयोग प्रदान कर रहे हैं, जबकि चुटिया विकास परिषद आयोजन की व्यवस्थाओं से जुड़ी है। प्रतियोगिता के लिए एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की गई है।
टियोक विधानसभा क्षेत्र के विधायक विकास सैकिया ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य वीरांगना साधनी के ऐतिहासिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ राज्य की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता महिला खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें