मछली की गाड़ी से कथित धन वसूली के आरोप में चार युवक गिरफ्तार, राजनीतिक रसूख के दम पर दबदबे की चर्चाओं के बीच पुलिस की कार्रवाई - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


मछली की गाड़ी से कथित धन वसूली के आरोप में चार युवक गिरफ्तार, राजनीतिक रसूख के दम पर दबदबे की चर्चाओं के बीच पुलिस की कार्रवाई



 बिजू कुमार तुनवाल


टियोक, जोरहाट जिले में मछली लदे वाहन से कथित तौर पर धन वसूली करने के आरोप में चार युवकों की गिरफ्तारी के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान लिटन बूढ़ागोहाईं, असीम बूढ़ागोहाईं, अरिंदम बरुआ और त्रिशांत दत्ता के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मछली लेकर जा रहे एक वाहन से युवकों द्वारा कथित रूप से धन वसूली की गई थी। घटना के बाद वाहन चालक ने पुलिस के समक्ष प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी के आधार पर टियोक एवं लाहदोईगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को गिरफ्तार किया।


स्थानीय स्तर पर इन युवकों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े होने तथा पार्टी के विभिन्न नेताओं के साथ उठने-बैठने को लेकर भी चर्चा होती रही है। आरोप है कि जोरहाट जिले के अलग-अलग इलाकों में लंबे समय से ये लोग अपने प्रभाव और दबदबे के सहारे लोगों को परेशान करते तथा विभिन्न तरीकों से धन वसूली करते रहे। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।


कथित तौर पर राजनीतिक नेताओं के साथ निकटता, सांसदों और विधायकों के आसपास दिखाई देने तथा भाजपा से जुड़े होने की पहचान के कारण कई लोग इनके खिलाफ खुलकर बोलने से डरते थे। स्थानीय स्तर पर ऐसी चर्चाएं भी रही हैं कि राजनीतिक प्रभाव के कारण इनके विरुद्ध आवाज उठाने में लोग हिचकिचाते थे।


लेकिन किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ाव, बड़े नेताओं के साथ संबंध अथवा राजनीतिक पहचान कानून से ऊपर होने का अधिकार नहीं देता। यदि कोई व्यक्ति राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर आम नागरिकों को डराने, धमकाने या अवैध रूप से धन वसूली करने का प्रयास करता है, तो अंततः उसे कानून के सामने जवाब देना ही पड़ता है।


चार युवकों की गिरफ्तारी के बाद अब इस बात को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है कि आखिर लंबे समय से कथित रूप से चल रही ऐसी गतिविधियों पर पहले प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी। इस घटना ने एक बार फिर राजनीतिक प्रभाव के नाम पर आम लोगों को भयभीत करने और कथित दबंगई के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर किया है।


राजनीतिक रसूख यदि लोगों को डराने का माध्यम बन जाए, तो वह जनसेवा नहीं, बल्कि सत्ता के प्रभाव का दुरुपयोग है। कानून की कार्रवाई ही ऐसे मामलों में वास्तविक जवाब हो सकती है।


अब पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें

Reengineer Your Life
Click or tap on the image to maximize
Rise Plus
Click or tap on the image to maximize
Live Telecast
Click or tap on the image to maximize
WhatsApp
Click or tap on the image to maximize
× Enlarged Image ```