डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सा विभाग ने स्नातकोत्तर चिकित्सकों को प्रशिक्षण अवधि पूरी होने तक शादी टालने की सलाह देने वाला विवादित आदेश वापस ले लिया है। यह आदेश 18 नवंबर को जारी किया गया था।
विभाग की ओर से जारी परामर्श में स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सकों को अपनी पढ़ाई, मरीजों की देखभाल, चिकित्सकीय जिम्मेदारियों और शोध कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही गई थी। इसमें प्रशिक्षण पूरा होने तक विवाह जैसे व्यक्तिगत निर्णय टालने की सलाह भी शामिल थी।
आदेश सामने आने के बाद चिकित्सकों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसकी आलोचना की। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए आदेश वापस लेने की मांग की थी।
विरोध बढ़ने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने 19 नवंबर को आदेश तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया। इस घटनाक्रम ने चिकित्सकों के कार्यभार, प्रशिक्षण व्यवस्था और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के बीच संतुलन को लेकर बहस छेड़ दी है।



.png)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें