सज्जन अग्रवाल सत्र 2018-20 के अध्यक्ष निर्वाचित
गुवाहाटी - गुवाहाटी इलेक्ट्रिक मर्चेंट्स एसोसिएशन (जेमा) की साधारण सभा एवं चुनाव का आयोजन गत रविवार को स्थानीय होटल विश्वरत्न में अध्यक्ष सज्जन अग्रवाल की अध्यक्षता में किया गया| इस अवसर पर सर्वप्रथम संगठन के सभी पदाधिकारियों को मंचासीन कराया गया| तत्पश्चात विगत 2 वर्षों के दौरान दिवंगत हुए महानुभावों के प्रति 1 मिनट का मौन रखा गया| उसके बाद संगठन के अध्यक्ष सज्जन अग्रवाल, मंत्री प्रमोद मोर, कोषाध्यक्ष गोपाल बसारी तथा पूर्व अध्यक्षों के द्वारा दीप प्रज्वलन से सभा का शुभारंभ हुआ| इस मौके पर अध्यक्ष सज्जन अग्रवाल ने सभा में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए विगत 2 वर्षों में संगठन द्वारा किए गए विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी सभा सदन में दी| उन्होंने विभिन्न आयोजनों में जेमा के सभी जागरुक सदस्यों द्वारा दिए गए सक्रिय सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया| मंत्री प्रमोद मोर ने मंत्री प्रतिवेदन सभा सदन में प्रस्तुत किया एवं संगठन द्वारा किए गए कुछ मुख्य कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी, जिसमें रंगोत्सव, दीपावली मिलन समारोह, नव वर्ष वनभोज, बाढ़ राहत कार्य, जीएसटी सेमिनार, बच्चों का ग्रीष्मकालीन शिविर आदि का मुख्य रूप से उल्लेख किया| कोषाध्यक्ष गोपाल पसारी ने सत्र 2016-18 के आय-व्यय का ब्योरा सभा सदन में रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया| साथ ही सत्र 2018-20 के लिए अंकेक्षक की नियुक्ति हेतु कैलाश कुमार अग्रवाल के नाम का प्रस्ताव रखा गया जिसे सभा ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की| अध्यक्ष सज्जन कुमार अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को विगत कार्यकाल में उनके द्वारा दिए गए विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग के लिए मोमेंटो एवं फुलाम गमछा से सम्मान किया| संगठन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय मणिशंकर धानुका की पावन स्मृति में दिया जाने वाला कर्मठ व्यक्तित्व का अवार्ड कोषाध्यक्ष गोपाल पसारी एवं सह-कोषाध्यक्ष नवीन सेठिया को दिया गया| साथी सभा में उपस्थित संगठन के सभी पूर्व अध्यक्षों एवं मंत्रियों का भी सम्मान किया गया| सभा में तुषार चमड़िया, निर्मल अग्रवाल, संतोष बोथरा, नीशु गर्ग, मनोज अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल आदि सदस्यों ने अपने अपने महत्वपूर्ण विचार रखें| पहली बार ऐसा देखा गया कि साधारण सभा में लगभग सभी सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई एवं काफी उत्साह का माहौल था| ओपेल LED लाइट को साधारण सभा के प्रायोजक के तौर पर धन्यवाद दिया गया| कार्यक्रम का संचालन कार्यकारिणी सदस्य राजेश जैन एवं उपाध्यक्ष अशोक सेठिया में कुशलता पूर्वक किया| धन्यवाद ज्ञापन संगठन के उपाध्यक्ष श्री सेठिया ने किया| सामूहिक राष्ट्रगान के साथ सभा का समापन हुआ|
कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्य चुनाव अधिकारी हनुमान मल सुराणा के नेतृत्व में चुनावी प्रक्रिया प्रारंभ हुई| मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष पद हेतु सज्जन अग्रवाल एवं विजय अग्रवाल के 2 नामांकन एवं कार्यकारिणी सदस्य हेतु नामांकन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 15 सदस्यों का चुनाव होना है| अध्यक्ष पद हेतु कुल 175 मतों में से 103 मत सज्जन अग्रवाल को एवं 72 मत विजय अग्रवाल को प्राप्त हुए| अतः सज्जन अग्रवाल को सत्र 2018-20 के नए अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया तथा 15 निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों में गोपाल पसारी, अभिषेक कागलीवाल, साकेत पुगलिया, लक्ष्मीपट दुगड़, अनिल दुगड़, मनीष सिंघी, नवीन सेठिया, प्रमोद मोर, अशोक सेठिया, प्रदीप अग्रवाल, राज कुमार धानुका, रोहित सुराणा, कमल अग्रवाल, दीपक अग्रवाल एवं राकेश जैन शामिल है| इस आशय की जानकारी सह मंत्री साकेत गलियां द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी गई|














कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें