गुवाहाटी, 14 अक्टूबर । नवरात्रा के उपलक्ष्य में नगर के विभिन्न स्थानों से कामख्या धाम के लिए पदयात्रा का आयोजन किया गया। महेश्वरी युवा संगठन और महेश्वरी सभा की धार्मिक इकाई महेश सत्संग मंडल ने 20वीं बार कामाख्या धाम पदयात्रा का आयोजन किया। छत्रीबाड़ी स्थित आसाम महेश्वरी भवन से प्रारंभ हुई यह यात्रा कुमारपाड़ा पांचाली, भरलूमुख होते हुए नीलांचल पहाड़ी पर स्थित मां कामाख्या के मंदिर में पहुंची। इस पदयात्रा को संतोष तापड़िया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महेश्वरी सभा के अध्यक्ष राज कुमार सोमानी ने कहा कि सभा की धार्मिक इकाई महेश सत्संग मंडल का यह कार्यक्रम काफी पुण्य फल दायक है और सभी वर्ग के लोग इस पद यात्रा में हिस्सा लेकर मां कामाख्या के द्वार तक पहुंचते हैं जो एक सराहनीय कार्य है। माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष मनीष बियानी ने कहा कि यात्रा को सभी समुदाय के लोगों का सहयोग प्राप्त होता आ रहा है। कार्यक्रम के मंडल संयोजक गोपी लाखोटिया ने कहा कि माहेश्वरी युवा संगठन ने ही नगर में 20 साल पहले कामाख्या धाम पदयात्रा का आयोजन किया था। आज इसी को अनुसरण करके नगर में कई संस्थाएं पदयात्राओं का आयोजन करके पुनित कार्य संपादित करती है। पदयात्रा का आयोजन महेश सत्संग मंडल की ही देन है। इस बात का हमें आज गर्व महसूस हो रहा है। पद यात्रा की समाप्ति के पश्चात कामाख्या मंदिर से आसाम महेश्वरी भवन तक आने हेतु निशुल्क यातायात का प्रबंध किया गया एवं महेश्वरी भवन में ही महा प्रसाद की व्यवस्था की गई। पदयात्रा में कार्यक्रम संयोजक मनोज डागा, रामेश्वर तापड़िया, मंडल संयोजक बीजू तापड़िया, युवा संगठन के मंत्री नितिन महेश्वरी के नेतृत्व में सारी व्यवस्था की गई। पद यात्रा के दौरान शिव पार्वती और गणेश की जीवंत झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। बनवारीलाल शारदा और बबीता शारदा ने इस झांकी को जीवंत रुप दिया। झंकार म्यूजिकल ग्रुप के जगदीश महतो ने सारे रास्ते भजन प्रस्तुत किया।
!->
महेश सत्संग मंडल ने 20वीं बार कामाख्या धाम पदयात्रा आयोजित की
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें