गुवाहाटी। लोकसभा के चुनाव परिणाम में भाजपा को पूर्ण बहुमत से भी अधिक सीटें मिलने पर पूरे राष्ट्र के साथ साथ महानगर का फैंसी बाजार इलाका भी जश्न में डूब गया। वैसे तो एग्जिट पोल के नतीजे आते ही फैंसी बाजार में जश्न की तैयारियां शुरू हो चुकी थी। टीआर फूकन रोड स्थित वाणिज्य केंद्र उन्नयन समिति व जय श्रीराम मॉर्निंग वॉकर के सदस्यों ने दो दिन पहले ही जश्न की सुगबुगाहट प्रारंभ कर दी थी। वाणिज्य केंद्र उन्नयन समिति के पी के गुप्ता, अनिल थर्ड, मनोज भंसाली, पदमचंद पाटनी के नेतृत्व में आज टी आर फूकन रोड मे विजय उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर होली एवं दिवाली एक साथ मनाई गई। एक ओर जहां रंग गुलाल उड़ रहा था वहीं दूसरी ओर पटाखे की आवाज गल्लापट्टी को गुंजायमान कर रही थी। 101 किलो लड्डू को पूरे इलाके में बांटा जा रहा था। हर ओर भगवा रंग से रंगी टी-शर्ट ही नजर आ रही थी। मोदी के गुणगान वाले गानों पर लोग उछल उछल कर नृत्य कर जश्न मना रहे थे। वहीं दूसरी ओर शनि मंदिर चौराहे पर नौ नंबर वार्ड भाजपा कमेटी के सदस्य सुशील व्यास, रितेश खटेड, रमेश चांडक, रवि सोती की अगुवाई में विजय उत्सव मनाकर फैंसी बाजार मे विजय यात्रा निकाली गई। शनी मंदिर चौराहे पर देशभक्ति गीतों का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। आज सुबह 8 बजे से ही फैंसी बाजार की कई दुकानों के आगे टीवी स्क्रीन ग्राहकों और राहगीरों की सुविधा के लिए लगा दी गई थी। जैसे-जैसे परिणाम बीजेपी के पक्ष में आगे बढ़ते गए लोगों के मन में खुशियां बढ़ती गई। लोग मिठाइयां खिलाकर एक दूसरे को बधाई देने लगे। लोगों ने शांति और भाईचारे को अपनाते हुए विजय का जश्न मनाया।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें