लखीमपुर से ओम प्रकाश तिवारी
लखीमपुर। लखीमपुर शहर के चांदमारी स्थित नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब में आज नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के सदस्यों ने समाजसेवी, पत्रकार, नाट्यकार, साहित्यकार स्वर्गीय नंदकिशोर महेश्वरी के जन्मदिवस को प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भस्कर्जय एवं शिल्पी दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर सर्वप्रथम स्वर्गीय महेश्वरी की प्रतिमूर्ति के समक्ष नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शैलेन बरूआ ने दीप प्रज्वलित किया तत्पश्चात सचिव करुणा कृष्ण नाथ के अलावा सभी पत्रकारों ने उनके प्रतिमूर्ति के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पण कर उनका स्मरण किया। उसके बाद नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शैलेन बरुआ की अध्यक्षता में एक सभा आयोजीत की गई। जिसका संचालन सचिव करुणा कृष्ण नाथ ने किया। उक्त सभा में पत्रकार तथा नर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष कुमुद बरुआ ने स्वर्गीय महेश्वरी द्वारा असमिया भाषा से हिंदी भाषा में अनुवादित किए गए भूपेन हजारीका के गीतों में से एक गीत अपने मधुर स्वरों में गाकर उपस्थित सभा को मंत्रमुग्ध कर दिया। तत्पश्चात सभी ने स्वर्गीय महेश्वरी के साथ बिताए अपने हर पल की विस्तार से चर्चा की। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय महेश्वरी के जन्मदिवस 9 मई को नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब भस्कर्जय एवं शिल्पी दिवस के रूप में मनाते आ रहा है। मालूम रहे कि स्वर्गीय महेश्वरी का नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के लिए जो योगदान रहा उसे कतई भुलाया नहीं जा सकता। नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के अलावा अपना सारा जीवन समाज के जनकल्याण मुलक कार्यों के लिए समर्पित करने वाले स्वर्गीय महेश्वरी को उनके जन्मदिवस पर तथा उनकी मृत्यु दिवस पर किसी भी सामाजिक संस्था व जातीय संगठन द्वारा स्मरण न किए जाने पर नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब ने खेद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय महेश्वरी एक ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने अपने जीवन काल में समाज के सभी वर्गों के लोगों के लिए कार्य किया, लेकिन ऐसा लगता है कि आज वही समाज स्वर्गीय महेश्वरी को भूल चुका है। आज की सभा में नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से एक निर्णय लिया गया कि जिला प्रशासन की ओर से लखीमपुर में जो दो ऑडिटोरियम निर्माण करने का मनसा बनाया जा रहा है उस ऑडिटोरियम में से एक ऑडिटोरियम का नाम स्वर्गीय नंदकिशोर माहेश्वरी के नाम से रखा जाए तथा उनकी स्मृति में उनकी एक प्रतिमा भी लगाई जानी चाहिए। जिसका सभी ने समर्थन करते हुए स्वीकृति प्रदान की। आज के इस कार्यक्रम में नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों के अलावा मानव अधिकार संग्राम समिति के सचिव राजू सिंघा भी उपस्थित थे।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें