शोणितपुर (असम)। जिले के ढेकियाजुली थाना क्षेत्र अंतर्गत राक्षसमारी पुलिस चौकी इलाके में एक युवक की कथित पुलिसिया पिटाई में मौत के मामले में रविवार को एएसआई को पुलिस रिजर्व लाइन भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि राक्षसमारी के माडी गांव निवासी सजल दास ने घर में किसी के न रहते 30 जुलाई की रात को जरूरी कागजात समेत नकदी 30 हजार रुपये की चोरी की एक प्राथमिकी गत 31 जुलाई को पुलिस चौकी में दर्ज कराया था। पुलिस चौकी इंचार्ज प्रांजल कुमार नाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच के बाद एक प्राथमिकी केस नं. 543/19 यू/एस 457/380 आईपीसी की धाराओं के तहत दर्ज किया था। इस घटना की जांच की जिम्मेदारी पुलिस चौकी के एएसआई रामू प्रधान को सौंपी गई थी।
इस बीच सजल दास ने पुलिस चौकी पहुंचकर बताया कि हमारे घर के ही सदस्य बाबुल दास (22) ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। एएसआई रामू प्रधान ने संदेह के आधार पर बाबुल दास को 10 अगस्त को पूछताछ के लिए पुलिस चौकी में बुलाया। इसी बीच सजल दास के घर वाले पुलिस चौकी पहुंचकर मामले को बंद करने की अपील की। इतना ही नहीं घर वालों ने लिखित में कहा कि हमने आपसी सहमित से मामले को सुलझा लिया है। बावजूद इसके बाबुल दास को रात में पुलिस चौकी में ही रखा गया। सुबह मेडिकल करवाने के बाद बाबुल दास को उसके घर वालों को सौंप दिया गया। घर पहुंचने के बाद बाबुल दास की तबीयत गंभीर रूप से खराब हो गई। उसे तेजपुर मेडिकल कालेज अस्पताल में गत 23 अगस्त को भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी उसी दिन उसकी मौत हो गई। इस घटना को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही आरोप लगाया कि प्राथमिकी वापस लेने के बावजूद थाने में रात के समय बाबुल दास की एएसआई और एक होमगार्ड ने बुरी तरह से पिटाई की, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। बाबुल के परिजनों ने ढेकियाजुली थाने में एएसआई के विरूद्ध कस्टडी में पिटने के चलते उसकी मौत होने को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज कराई।
ढेकियाजुली थाने में एएसआई के खिलाफ केश नं 608/19 यू/एस 302/34 आईपीसी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में शोणितपुर जिला पुलिस अधीक्षक ने एएसआई रामू प्रधान को पुलिस लाइन भेज दिया है। शव की तेजपुर मेडिकल कालेज अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद उसकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। राक्षसमारी पुलिस चौकी के प्रभारी पंकज कुमार नाथ ने रविवार को बताया है कि सुलह होने के बावजूद बाबुल दास को रात भर थाने में रखा गया था ताकि उसकी मेडिकल जांच के बाद उसे रिहा कर दिया जाए। स्थानीय लोगों में पुलिस के इस बर्ताव को लेकर बेहद गुस्सा देखा जा रहा है। (हि.स.)








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें