ओम प्रकाश तिवारी व राजेश राठी
किया चीनी सामग्री के बहिष्कार का आह्वान
लखीमपुर। भारत चीन की लद्दाख सीमा पर सोमवार की रात चीनी टुप के साथ हुई झड़प में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद होने के बाद समूचे देश वासियों में आक्रोश है। आक्रोश भरे अंगारे की इस कड़ी में आज लखीमपुर शहर के मध्य स्थित मालपानी चारोली पर दोपहर 2:00 बजे हिंदू युवा छात्र परिषद की लखीमपुर जिला समिति ने अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ चीन का झंडा और चीन सामग्रियों को धू-धू कर जलाने के पश्चात उक्त झंडे व सामग्रियों को अपने पैरों से रौंदकर अपना विरोध प्रदर्शन करते हुए सभी से एकजुट होकर चीन की सामग्रियों का बहिष्कार करने का आह्वान किया । हाथों में भगवा झंडा लेकर मुख पर भगवा मास्क बांधकर सभी कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम, शहीद जवान अमर रहे, चाइना दलाल होशियार, चीन सामग्रियों का बहिष्कार करो, चीन की दादागिरी नहीं चलेगी, इत्यादि जैसे गगनभेदी स्लोगानों के साथ पूरे इलाके को चाइना के विरुद्ध खड़ा करने में किसी प्रकार की कोई कसर नहीं छोड़ी । संगठन के जिला अध्यक्ष जुगमो ज्योति दत्त, कार्यकारी अध्यक्ष राजीव सिंह और सचिव माधव दास ने एक स्वर में कहा कि चीन के सैनिकों के पास उपलब्ध हथियार जिसके बल पर चीन मां भारती के वीर जवानों के सीने को चीरने के लिए प्रयत्नशील है वे सारे हथियार चाइना ने हम भारतवासियों को सामग्रियां बेचकर उक्त सामग्रियों से पाए गए मुनाफे से बनाई है । इसलिए उन्होंने सभी भारत वासियों से एकजुट होकर चीनी सामग्रियों का बहिष्कार करने का आह्वान किया ताकि भविष्य में चीन ऐसी कोई गोली बना ही ना सके जिससे सरहद की रक्षा कर रहे मां भारती के किसी भी जवान के सीने को छू सके । साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि इतना कुछ खो जाने के पश्चात भी अगर अभी भी कोई भारतीय चीनी सामग्रियों को खरीदता या फिर बेचता हो तो उनकी नजर में वह किसी देशद्रोही से कम नहीं । इतना ही नहीं उन्होंने चाइना को आड़े हाथों लेते हुए यह आरोप लगाया कि चाइना एक ऐसा देश है जो सदैव भारत के विरोध करने वाले देशों की कतार में खड़ा रहा है । क्योंकि चाइना के कारण ही भारत आज तक न्यूक्लियर सेल्स ग्रुप (एन एस जी) में शामिल नहीं हो पाया तथा भारत के सियाचिन नामक भूखंड पर चाइना ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है । इतना ही नहीं भारत के भीतर अलगाववादी आतंकवादी संगठन हो चाहे भारत का शत्रु देश पाकिस्तान उनको सभी को भारत के विरुद्ध षड्यंत्र करने के लिए चीन लम्बे अर्से से हर प्रकार की मदद करते आ रहा है। इसके अलावा हिंदू युवा छात्र परिषद की लखीमपुर जिला समिति ने शाम को एक अन्य कार्यक्रम के तहत चीन के साथ झड़प में शहीद हुए मां भारती के 20 जवानों को उनकी तस्वीरों के समक्ष पुष्प अर्पण कर तथा दीप प्रज्वलित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की ।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें