औरंगजेब की तरह अजमल को राज्य से भगाने के लिए बनना होगा लाचित: डॉ विश्वशर्मा - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

औरंगजेब की तरह अजमल को राज्य से भगाने के लिए बनना होगा लाचित: डॉ विश्वशर्मा



करीमगंज। राज्य में आहूत 2021 के विधानसभा चुनावों में मंत्री और मुख्यमंत्री होने का लक्ष्य नहीं बल्कि, औरंगजेब को राज्य से खदेड़ने के लिए जिस तरह लचित बरफुकान ने युद्ध लड़ा था, उसी तरह मौलाना बदरुद्दीन अजमल को राज्य से भगाने के लिए हम सभी को लाचित बनाने का लक्ष्य निर्धारित करना होगा। टिकट, कार्यालय, पदवी लक्ष्य नहीं है बल्कि, जननी जन्मभूमि की रक्षा करना हमारा सर्वोच्च लक्ष्य होगा।


ये बातें गुरुवार को राज्य के वित्त, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि मामलों के मंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने करीमगंज जिला शहर में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी सभा के अंतिम दिन हिस्सा लेते हुए कही।


उन्होंने कहा कि बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के चुनाव में मिली जीत से यह निश्चित हो गया है कि राज्य में 2021 में भाजपा की पुनः सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बीटीसी चुनाव में भाजपा ने अश्वमेघ यज्ञ संपन्न कर लिया है। डॉ विश्वशर्मा ने कहा कि आज समूचे असम में भाजपा की विजय पताका फहरा रही है। आज हम विकास के प्रत्येक स्तंभ को स्पर्श करने में सक्षम हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में प्रत्येक नागरिक के हृदय में भाजपा ने अपना स्थान बनाया है।


अपने संबोधन के दौरान डॉ विश्वशर्मा ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के अध्यक्ष व धुबड़ी के सांसद मौलाना बदरुद्दीन अजमल की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व में सनातनी सभ्यता के प्रति गंभीर चुनौती सामने आई है। सभ्यता की रक्षा के लिए जिस तरह से लाचित बरफूकन ने असम से औरंगजेब को भगाया था उसी तरह से हमें अजमल को भी भगाना होगा।


उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा का चुनाव अजमल के विरुद्ध एक नया संग्राम होगा। जिस तरह से उग्रवादियों के धन से अजमल ने हमारी बुनियाद को नष्ट करने का षड्यंत्र रचा है, उसको समाप्त करना होगा। उन्होंने कहा कि वह हमारे घरों में घुसने की फिराक में हैं ऐसे में हम आने वाले दिनों में अपनी सभ्यता को बचाने वाले युद्ध में निश्चित तौर पर विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी दिसपुर के 200 मीटर के दायरे में प्रवेश नहीं कर पाए इसके लिए हमें पूरी तरह से संकल्पबद्ध होना होगा।


उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन केंद्रीय संगठन सचिव अजय जामवाल के संबोधन के साथ दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात सभी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों ने अपना प्रतिवेदन बैठक में प्रस्तुत किया। तत्पश्चात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व असम व दिल्ली के राष्ट्रीय प्रभारी बैजयंत जय पांडा ने कार्यकारिणी की सभा को संबोधित किया। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने भी अपना संबोधन रखा। करीमगंज जिला भाजपा अध्यक्ष सुब्रत भट्टाचार्य ने स्वागत समिति का परिचय प्रस्तुत किया। जबकि, समापन कार्यक्रम में डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने बेहद जोशीला संबोधन रखा। प्रदेश कार्यकारिणी के महासचिव व सांसद तपन कुमार गोगोई ने समापन सत्र पर प्रकाश डाला।


उल्लेखनीय है कि प्रदेश कोर कमेटी को राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष ने अपना अनुमोदन दिया। प्रदेश कोर कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार दास, मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक एलाइंस (नेडा) के संयोजक डॉ हिमंत विश्वशर्मा, राष्ट्रीय महासचिव व सांसद दिलीप कुमार सैकिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमेन डेका, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेन गोहाईं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सिद्धार्थ भट्टाचार्य, लोकसभा की सांसद क्वीन ओझा, असम सरकार के मंत्री परिमल शुक्लाबैद्य, राज्यसभा के सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, प्रदेश महासचिव  सांसद राजदीप रॉय, पूर्व राज्यसभा सांसद बिश्वजीत दैमारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार गुप्ता, प्रदेश सांगठनिक महासचिव फणींद्र नाथ शर्मा के अलावा विशेष आमंत्रित सदस्यों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सेंट्रल प्रभारी बैजयंत जय पांडा, केंद्रीय सह प्रभारी पवन शर्मा और पूर्वोत्तर के संगठनिक सचिव अजय जमवाल को शामिल किया गया है।


प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के दौरान कई प्रस्ताव पारित किए गए। जिसमें मुख्य रूप से 2021 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को भारी बहुमत से जीत दिलाकर राज्य में पुनः भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं के बारे में राज्य की जनता को बताने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से जागरूकता कार्यक्रम चलाने का आह्वान किया गया। साथ ही विपक्ष के दुष्प्रचारों का उत्तर देने की भी बातें हुईं। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें

Narendra Soni
Click or tap on the image to maximize
Rock n Dhol
Click or tap on the image to maximize
Rise Plus
Click or tap on the image to maximize
Live Telecast
Click or tap on the image to maximize
WhatsApp
Click or tap on the image to maximize
× Enlarged Image ```