नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर मार्च के बाद गुरुवार को यूपी और दिल्ली पुलिस दोनों ही एक्शन मोड में आ गई हैं। दिल्ली पुलिस ने बॉर्डर इलाके में धारा-144 लगाकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी।बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ाकर पुलिस बल भी बढ़ा दिया गया है।
गाजीपुर धरना स्थल को किसानों से खाली कराने की पूरी तैयारी है। दिल्ली व यूपी पुलिस ने एनएच-24 और एनएच-9 को गाजीपुर के पास से बंद कर दिया है। इसकी वजह से एनएच-24 पर भारी जाम लग गया। पुलिस ने ट्वीट कर वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की सलाह दी है।
जानकारी के अनुसार 26 जनवरी को हुई हिंसा के बाद माना जा रहा था कि पुलिस गाजीपुर समेत दूसरे बॉर्डर पर एक्शन लेकर किसानों को वहां से हटा सकती है। गुरुवार सुबह से ही पुलिस ने धीरे-धीरे इसकी तैयारी शुरू कर दी। बॉर्डर के दोनों ही ओर पुलिस बल को बढ़ा दिया गया। दिल्ली पुलिस ने शाम के समय बॉर्डर पर धारा-144 लगाने की सूचना दे दी। हालांकि किसानों को हटाने की कार्रवाई यूपी पुलिस करती रही, लेकिन एहतियात के तौर पर दिल्ली की सीमा पर दिल्ली पुलिस ने फोर्स को तैनात कर दिया। (हि.स.)








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें