गुवाहाटी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रो. गौरव वल्लभ तथा सुप्रिया श्रीनाटे ने कहा है कि असम में महिलाओं की साक्षरता देश के अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है। यहां की 81.2 फ़ीसदी महिलाएं साक्षर हैं। लेकिन, महिलाओं को वह सब कुछ नहीं मिल पाया है, जो मिलना चाहिए था। वहीं, प्रदेश कांग्रेस की महासचिव तथा मीडिया डिपार्टमेंट की अध्यक्ष बबीता शर्मा ने भाजपा के नेताओं पर हवा-हवाई बातें करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इनके नेता न तो इतिहास जानते हैं, न ही असम और देश के बारे में इन्हें कुछ जानकारी है। बस, भाजपा के नेता बड़बोले हैं।
उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतना लंबा-चौड़ा भाषण दिए फिरते हैं, लेकिन उन्हें न तो असम की संस्कृति का ज्ञान है और ना ही यहां के इतिहास का। योगी आदित्यनाथ द्वारा यह कहा जाना कि श्रीमंत शंकरदेव इन घुसपैठियों के साथ लड़ते रहे- बड़ा ही हास्यास्पद लगता है। क्योंकि, श्रीमंत शंकरदेव का जो काल था, वह 15वीं शताब्दी का समय था। श्रीमंत शंकरदेव ने मनुवादी प्रथाओं और मूर्ति पूजन का विरोध करके वैष्णव धर्म की स्थापना की थी। श्रीमंत शंकरदेव को लेकर आज योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई टिप्पणी से पता चलता है कि भाजपा के ये नेता असम की जनता को किस प्रकार मूर्ख बनाने में लगे हुए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी इस बात के लिए निंदा की जिसमें, नरेंद्र मोदी ने लचित बरफुकन को स्वतंत्रता सेनानी करार दिया था। जबकि, सच्चाई यह थी कि लचित बरफुकन अहोम साम्राज्य के सेनापति थे, जिनके नेतृत्व में सन् 1671 में शरायघाट युद्ध लड़ी गई थी।
उन्होंने भाजपा नेताओं पर व्यंग्य करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को कुछ इतिहास की कुछ किताबें खरीदकर भेंट करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा असम पर नागपुर की संस्कृति को थोपना चाहती है और असम की संस्कृति को नष्ट-भ्रष्ट करने में लगी हुई है, जो बेहद खतरनाक है। इसे लोगों को समझना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन के दौरान एआईसीसी के प्रवक्ता द्वय तथा एपीसीसी की प्रवक्ता ने भाजपा और इसकी सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि असम में अगली सरकार कांग्रेस के नेतृत्व में बनने जा रही है, जो सरकार महिलाओं के लिए एक से बढ़कर एक योजनाएं लाएगी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें