कछार। असम-मिजोरम सीमाई इलाके में पिछले कुछ दिनों से हिंसा की स्थिति उत्पन्न है। इस कड़ी में बीती रात को फिर से कछार जिला के धलाखाल इलाके में दो ग्रेनेड विस्फोट की सूचना मिली है।
स्थानीय लोगों ने बताया है कि बीती रात जंगली इलाके में मिजो उपद्रवियों ने असम के तीन किमी अंदर घुसपैठ कर दो ग्रेनेड विस्फोट किया जिसके चलते इलाके में दहशत फैल गयी। सीमाई इलाके में रहने वाले असम के लोगों का कहना है कि वर्तमान समय में असम की भूमि पर मिजो उपद्रवी हाथों में हथियार लेकर घूम रहे हैं। इसके चलते सीमाई इलाके में फिर से एक बार हिंसा की आशंका उत्पन्न हो गयी है। हालांकि, सीमाई क्षेत्र दोनों राज्यों की पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही है। इसके बावजूद दूर-दराज के इलाकों में जमीन पर कब्जा करने को लेकर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।
सीमावर्ती क्षेत्र में माहौल काफी गर्म हो रहा है। गौरतलब है कि गत शनिवार को सड़क के निर्माण को लेकर तनाव उत्पन्न हुआ था। इतना ही नहीं असम पुलिस को निशाना बनाते हुए मिजो उपद्रवियों द्वारा एक ग्रेनेड विस्फोट किया गया था। हालांकि, इस विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ था। इसी कड़ी में बीती रात फिर से दो ग्रेनेड विस्फोट किये गये हैं। दोनों राज्य की राज्य सरकारें भी सीमा विवाद के समाधान को लेकर लगातार संपर्क में हैं। (हि.स.)








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें