गुवाहाटी। पान बाजार थाना नागरिक कमेटी की एक विशेष सभा पान बाजार थाना के सभागृह में आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता कामरूप मेट्रो के एडीसी हेमंत कुमार दत्ता ने की। सभा में सर्व प्रथम नागरिक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं अभिभावक पवन सिकरीया एवं वरिष्ठ सदस्य विंरची कुमार दास के आकस्मिक निधन के लिए मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा को संबोधित करते हुए हेमंत दास ने नागरिक कमेटी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह कमेटी निरंतर पुलिस व जिला प्रशासन को हर तरफ से सहयोग करती आ रही है। किंतु पिछले कुछ दिनों से महानगर में अपराधिक गतिविधियां की जो वृद्धि हुई है उसमें मुख्य दो बिंदुओं पर नागरिक कमेटी का सहयोग अपेक्षित है। प्रथम तो कोरोना काल में बिना वजह से घर के बाहर निकलने वाले लोगों को और कोरोना प्रोटोकोल ना मानने वाले लोगों के बीच नागरिक कमेटी द्वारा जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें प्रोटोकॉल मानने के लिए जागरूक करना होगा।दूसरे बिंदु में कोरोना संक्रमण काल में भोजन वितरण व अन्य कार्यों के लिए प्रशासन द्वारा जो आवाजाही अनुज्ञा पत्र प्रदान किया गया था। उनका दुरुपयोग ना हो इस पर नागरिक कमेटी के सदस्यों को नजर रखनी होगी।कोविड टीकाकरण के जो शिविर बंद हो चुके हैं, उनके सदस्यों को आवंटित किए गए अनुज्ञा पत्र को भी वापस करने के लिए सभा में अनुरोध किया गया। श्री दत्ता ने कहा कि उक्त दोनों ही कार्य नागरिक कमेटी के सहयोग के बिना पूरा नहीं हो सकेगा। उन्होंने आगे कहा कि फैंसी बाजार व्यापारिक क्षेत्र है अतः सभी व्यापारी , कर्मचारी तथा ग्राहक को मास्क पहनकर व सामाजिक दूरी बनाकर खरीददारी करने का अनुरोध किया गया। फैंसी बाजार जैसे व्यस्ततम व्यापारिक इलाके में फुटपाथ पर बैठे छोटे व्यापारियों की इस संक्रमण काल में जो बेहताशा वृद्धि हुई है उससे संक्रमण फैलने की संभावनाएं बढ़ गई है। अतः इनकी संख्या को कम करने में जीएमसी के अभियान में तेजी आनी चाहिए।लखटकिया के साजिद आलम चौधरी और वाकिफ रशीद ने सुझाव देते हुए कहा कि लखटकिया के एसएस रोड में डबल पार्किंग होने से जाम की समस्या बढ़ गई है। अतः इसे एक तरफा पार्किंग किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ड्रग्स व देसी दारू के अड्डों को हटाने का जो प्रयास चल रहा है उसमें भी नागरिक कमेटी के सहयोग की अपेक्षा है। नागरिक कमेटी के संयोजक विशाल भतरा ने सुझाव दिया कि आगामी दो दिनों में कामरूप मेट्रो के आठ थानों में नागरिक कमेटी और प्रशासन के साथ जो सभा आयोजित की जा रही है ,उस सभा में स्थानीय ट्रैफिक विभाग और नगर निगम के एक-एक प्रतिनिधि का उपस्थित होना जरूरी है। जो समस्या को सुनकर अपने विभाग तक पहुंचा सके। भातरा ने सुझाव देते हुए कहा कि नागरिक कमेटी का पुनर्गठन जल्द से जल्द हो जाना चाहिए। आज की सभा में एसीपी पान बाजार थाना क्षेत्र पृथ्वीराज राजखोवा व पान बाजार थाना प्रभारी रुस्तम राज ब्रह्म ने सभी सदस्यों की बातों को ध्यान से सुना। सभा में नागरिक कमेटी के सदस्य विकास भट्टाचार्य, आदर्श शर्मा बबली, अरविंद केजरीवाल, साजिद आलम चौधरी, दिलीप गोस्वामी, रतन घोष वाकिफ रशीद ने भी अपने अपने सुझाव दिए।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें