अरुणा अग्रवाल
रंगिया। रंगिया में दो अलग-अलग हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। रंगिया के निकट खंदीकर के दलनघाट में डाउन मालगाड़ी से कटकर एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृत व्यक्ति की पहचान साईदुल अली के रूप में हुई है। जैसे ही अली रेलवे लाइन पार करने रहा था कि एक तेज रफ्तार से आ रही की मालगाड़ी से कटकर उसके दो टुकड़े हो गये। दूसरी ओर आज दोपहर करीब 1 बजे तेज रफ्तार से चल रही अप नॉर्थ ईस्ट सुपर एक्सप्रेस से एक महिला टकराजाने से घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गयी। रेल की रफ्तार इतनी तेज थी कि रेल से टकराकर वह महिला रेलवे लाइन से कुछ दूरी पर स्थित एक बिजली के खंभे से पुनः जा टकराई , फलस्वरूप महिला का एक हाथ शरीर से अलग होकर छिटककर दूर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूसरे के घर में मजदूरी कर गुजारा करने वाली वह महिला बरौलिया नदी पर बने रेलवे पुल के ऊपर से अन्य एक महिला के साथ अपने घर आ रही थी। जैसे ही वह पुल के अंतिम छोर तक पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार से आ रही रेल ने उसे टक्कर मार दी, हालांकि पुल पार करने में उसे कुछ ही क्षण बचे थे। मृतक की पहचान बरपेटा जिले के कलगछिया निवासी सखिना खातून के रूप में हुई है। बेहद गरीब परिवार की उक्त महिला रंगिया के करारा गांव में किराए के मकान में रहकर दूसरों के घरों में कामकाज कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंचकर शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें