एपीसीसी अध्यक्ष व कार्यकारी अध्यक्षों ने औपचारिक रूप से संभाला पदभार - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

एपीसीसी अध्यक्ष व कार्यकारी अध्यक्षों ने औपचारिक रूप से संभाला पदभार

 


गुवाहाटी। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के नव नियुक्त अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा और कार्यकारी अध्यक्षों राणा गोस्वामी, कमलाक्ष्य दे पुरकास्थ और जाकिर हुसैन सिकदार ने बुधवार को गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षागृह में एक रंगारंग कार्यक्रम के दौरान आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाला। इस मौके पर असम प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह, सांसद, विधायक, एपीसीसी पदाधिकारी, एपीसीसी के वरिष्ठ नेता, पार्टी के सदस्य और असम के सभी जिलों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।


कार्यक्रम की शुरुआत अभिनंदन के साथ हुई। इसके बाद निवर्तमान अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद रिपुन बोरा भूपेन बोरा को कार्यभार सौंपा गया। रिपुन बोरा ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर दी थी और कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोत और भाजपा के नेतृत्व वाले मित्रजोत के वोटों का अंतर ज्यादा नहीं था। भाजपा के नेतृत्व वाले मित्रजोत को 91 लाख वोट मिले जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोत को 88.29 लाख वोट मिले। ऐसे में वोटों के प्रतिशत में महज 0.8 प्रतिशत अंतर है।


इस मौके पर असम के प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो युवाओं और नई पीढ़ी को अवसर देती है। उन्होंने असम को विभाजनकारी शक्तियों से बचाने का आह्वान किया। साथ ही विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछला चुनाव भाजपा द्वारा विभाजनकारी राजनीति, झूठ और झूठे वादों में से एक रहा है। नई भाजपा सरकार, जो सिर्फ चार महीने पुरानी है, पहले ही अपना असली रंग दिखा चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं असम के लोगों को हमारे पक्ष में करीब एक करोड़ वोट देने के लिए धन्यवाद देता हूं।


उन्होंने आगे कहा, "हम बहुतों को टिकट नहीं दे सके। कईयों ने हमें छोड़ दिया, वे बिक गए। फिर भी हम में से कई अभी भी कांग्रेस के झंडे के नीचे एकजुट हैं। मैं उपस्थित लोगों को धन्यवाद देता हूं। हमें कड़ी मेहनत करनी है। मैं पहले पार्टी का कार्यकर्ता हू, फिर एक महासचिव।"


इस मौके पर भूपेन बोरा ने कहा, "आज मैं पार्टी कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण करता हूं। मुझे जब से अध्यक्ष बनाया गया था, तब से अब तक मैं पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सलाह लेता रहा हूं। मैंने एक रोडमैप बनाया है। आगे बढ़ने का मन है। स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस ने कहा था- तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। मैं खून नहीं मांगता। आज मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने की अपील करता हूं और मैं वादा करता हूं कि हम कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। हर बूथ अध्यक्ष, हर वार्ड अध्यक्ष, हर जिलाध्यक्ष, हर सचिव और महासचिव अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाएंगे तो हमें कोई नहीं रोक पाएगा। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें