हमने असम में विकास का नया माहौल बनाया: मुख्यमंत्री डॉ सरमा - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

हमने असम में विकास का नया माहौल बनाया: मुख्यमंत्री डॉ सरमा



- मुख्यमंत्री ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को किया संबोधित


बंगाईगांव। जिले की भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार में तेजी आ रही है। भवानीपुर में आज दो सभाओं में भाजपा के उम्मीदवार फनीधर तालुकदार के समर्थन में मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने चुनाव प्रचार किया।


भवानीपुर में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज तापा में चुनाव प्रचार किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने कहा कि हमने असम में विकास का नया माहौल बनाया है। इस विकास का अंशदार बनने के लिए मैंने फनीधर तालुकदार से अनुरोध किया कि वे एआईयूडीएफ के बदले भाजपा पार्टी में शामिल हों। उन्होंने कहा कि भवानीपुर में विकास का माहौल बनाने के लिए लोगों को एकजुट होकर भाजपा को वोट देना होगा। डॉ सरमा ने कहा कि आज हम सुरक्षित नहीं हैं, हमने संस्कृति, जमीन और आधार को खो दिया है। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ हम अभी भी एकजुट नहीं हो पाएं हैं।


मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी अफसोस व्यक्त किया कि अब कई गांवों में हमारी सभ्यता और संस्कृति की नींव का आधार नहीं रह गया है। हमने अपने असम की संस्कृति के आधार को फिर से बहाल करने के लिए पिछले पांच महीने में काफी काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरुखुटी में फिर से हरि ध्वनि गूंज रही है, ऐसे में बदरुद्दीन अजमल जैसी ताकतों को हराना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा इस दौरान कांग्रेस की भी जमकर आलोचना की।


डॉ सरमा ने कहा कि काल और समय किसी को माफ नहीं करता है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एसी बहुत कुछ देखने को मिलेगा, जो पहले कभी नहीं दिखा। उन्होंने दोहराया कि मैं एक लाख लोगों को नौकरी दूंगा और हमारे गरीब युवाओं को एक भी रुपया दिए बिना नौकरी मिल जाएगी। गरीबों पर अत्याचार बंद होने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोगों को जमीन का अधिकार मिलना चाहिए।


जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भवानीपुर में दुग्ध विकास परियोजना को आधुनिक तकनीक से सुंदर तरीके से बनाया जाएगा और तापा सत्र (मठ) में एक गेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 100 करोड़ रुपये का गमछा खरीदने का भी वादा किया। साथ ही कहा कि अब से सरकारी कार्यक्रमों में हाथ से बनाए गये गमछों का ही प्रयोग किया जाएगा। (हि.स.)


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें