मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के साथ की बैठक
गुवाहाटी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ एक वर्चुअल बैठक की, जिसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री से असम में उड़ान फेरे और हवाई संपर्क बढ़ाने में मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने गुवाहाटी, जोरहाट, डिब्रूगढ़, लखीमपुर और सिलचर के हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे में और विस्तार पर जोर दिया। मंगलवार को कोइनाधोरा में केंद्रीय मंत्री के साथ वर्चुअली बैठक करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने सिंधिया से हाफलोंग में एक हेलीपोर्ट बनाने का अनुरोध किया, इसके लिए भूमि राज्य सरकार द्वारा मंत्रालय को सौंपी जाएगी।
ज्ञात हो कि हाफलोंग में हेलीपोर्ट अन्य हेलीपोर्ट के अनुरूप होगा जो नगांव और गेलेकी में बनाए जाएंगे। इसके तौर-तरीकों को अंतिम रूप दे दिया गया है और निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू हो जाएगा। इसके अलावा, कार्बी आंगलोंग के तेजी से विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के एक हिस्से के रूप में मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने केंद्रीय मंत्री से कार्बी आंगलोंग में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के लिए भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि एयर पोर्ट बनाने के लिए 3000 एकड़ से ज्यादा जमीन की पट्टी उपलब्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने केंद्रीय मंत्री से असम से अन्य देशों के लिए उड़ान योजना के तहत उड़ान संचालन शुरू करने में मदद करने का भी अनुरोध किया। असम सरकार नागरिक उड्डयन मंत्रालय को विदेशों में उड़ान संचालन शुरू करने के लिए यात्री क्षेत्र से संबंधित एक रिपोर्ट भेजेगी।
इस मौके पर परिवहन मंत्री चंद्र मोहन पटवारी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव समीर कुमार सिन्हा, प्रमुख परिवहन सचिव डॉ. केके द्विवेदी, प्रमुख सचिव पर्यावरण एवं वन अविनाश जोशी भी बैठक के दौरान उपस्थित थे। (हि.स.)







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें