दिवाली बलिप्रतिपदा' के मौके पर 5 नवंबर को बंद रहेंगे शेयर बाजार
नई दिल्ली। दीपावली के मौके पर विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र के दौरान गुरुवार को निवेशकों की ताजा लिवाली से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 295.70 अंक यानी 0.49 फीसदी उछलकर 60,067.62 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 87.60 अंक यानी 0.49 फीसदी की तेजी के साथ 17,916.80 के स्तर पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में इस विशेष मुहूर्त कारोबार के दौरान प्रमुख रूप से लाभ में रहने वाले शेयरों में एमएंडएम, आईटीसी, बजाज ऑटो, एलएंडटी, कोटक बैंक, सन फार्मा और नेस्ले इंडिया शामिल थे, जिनके शेयरों में 2.87 फीसदी तक की तेजी आई। इसके विपरीत आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और डॉ रेड्डीज के शेयरों में 0.43 फीसदी तक की गिरावट आई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि विशेष सत्र के दौरान निवेशकों ने अपने नए खातों को खोला, जिससे खरीदारी की गतिविधियों में तेजी आई। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती से त्योहार की खुशी और बढ़ गई है। गौरतलब है कि फेडरल रिजर्व के द्वारा नवंबर से प्रति माह 15 अरब डॉलर की परिसंपत्ति खरीद में कटौती करने की घोषणा के बाद भी वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली, जिससे पिछले दो सत्रों से जारी गिरावट का रुख पलट गया।
उल्लेखनीय है कि विशेष मुहूर्त कारोबार के दौरान धातु को छोड़कर, बीएसई के सभी सेक्टर सूचकांक लाभ के साथ बंद हुए, जिसमें ऑटो, उपभोक्ता टिकाऊ सामान, पूंजीगत सामान और एफएमसीजी प्रमुख हैं। 'दिवाली बलिप्रतिपदा' के अवसर पर शुक्रवार (5 नवंबर) को बीएसई और एनएसई बंद रहेंगे।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें