मोदी नूडल्स फैक्टरी में बॉयलर फटने से 10 की मौत, कई गंभीर - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मोदी नूडल्स फैक्टरी में बॉयलर फटने से 10 की मौत, कई गंभीर

 


पटना/मुजफ्फरपुर। बिहार में मुजफ्फरपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र बेला में रविवार को मोदी कुरकुरे और नूडल्स फैक्टरी में बॉयलर फटने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस फैक्टरी के आसपास की अन्य फैक्टरियों के लोगों के भी जख्मी होने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 11:00 बजे के आसपास बेला औद्योगिक क्षेत्र में मोदी कुरकुरे और नूडल्स फैक्ट्री में बॉयलर फट गया। इससे 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। बड़ी संख्या में लोग घायल हैं। आसपास की फैक्टरियों के लोगों के भी घायल होने की सूचना है। मौके पर एसपी-डीएम सहित कई आला अधिकारी मौजूद हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

हादसे के समय फैक्टरी के अंदर कितने लोग काम रहे थे, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। राहत और बचाव का कार्य जारी है। इसी बीच ट्रैक्टरों से फैक्टरी के गेट को बंद कर दिया गया है। आसपास के लोगों ने बताया कि बॉयलर फटने से जोरदार आवाज हुई। इससे खिड़की और दरवाजे तक हिल गए। यहां काम करने वाले कर्मचारियों के परिजन अपनों को ढूंढ रहे हैं। प्रशासन के अधिकारी लोगों को अंदर जाने से रोक रहे हैं।

सीएम ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को मिलेगा चार-चार लाख रुपये

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर जिले के बेला औद्योगिक क्षेत्र में निजी कम्पनी की बॉयलर फटने से हुए हादसे में मरने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया और इस हादसे में मृत लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही दुख की इस घड़ी में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने हादसे में मारे गये सभी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान के साथ अन्य अनुमान्य लाभ देने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायलों का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है। साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है।

मुख्यमंत्री ने इस घटना की जांच के निर्देश दिये हैं। इस घटना की जांच के लिए पटना से अधिकारियों की टीम भेजी जा रही है, जो घटना की जिम्मेदारी निर्धारित करेगी। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें