"आको नतून प्रभात हब" : असम कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

"आको नतून प्रभात हब" : असम कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू





-कांग्रेस चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार


गुवाहाटी। राजधानी के पांजाबारी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षागृह में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। इस शिविर का प्रदेश अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने झंडोत्तोलन कर शिविर का शुभारंभ किया।

बुधवार को सुबह "आको नतून प्रभात हब" (फिर से नया सबेरा होगा) पर विमर्श हुआ है। शिविर में राज्य के लगभग 700 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और असम के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने भी हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष बोरा ने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आने वाले दिनों में पार्टी के जनाधार को फिर से मजबूत करने पर विमर्श करने आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जितेन्द्र सिंह ने कहा कि आज कांग्रेस के सामने की तरह की चुनौतियां हैं, हमें साहस के साथ चुनौती का सामना करना होगा और जमीनी स्तर से पार्टी को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आने वाले दिनों में गत चुनाव में जो आधार तैयार हुआ था उसे आगे बढ़ाना होगा। सिंह ने कहा, हमारी जीत जरूर होगा।

इससे पहले उद्घाटन बैठक में अध्यक्ष बोरा ने कहा कि मीडिया से बात करते समय न तो मुझे और न ही पार्टी के किसी पदाधिकारी को पार्टी के नीतिगत आदर्शों पर बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी कोई विवादास्पद टिप्पणी नहीं कर सकें, इसका ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 'सीएए' के खिलाफ आंदोलन का समर्थन किया और भविष्य में भी 'सीएए' एक्ट का विरोध जारी रखेगी।

बोरा ने असम में भाजपा नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि मौत की सजा केवल अदालत के न्यायाधीश ही दे सकते हैं लेकिन असम के मुख्यमंत्री ने मौत की सजा देनी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी की समस्या के समाधान के दावे को झूठा करार दिया।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता देवब्रत सैकिया ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस पार्टी के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। बैठक में असम प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पवन सिंह घटवार ने कहा कि असम में 2026 में फिर से एक नई सुबह होगी।

एआईसीसी के सचिव और असम के इंचार्ज पृथ्वीराज ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा मरी नहीं है। इसलिए कांग्रेस पार्टी फिर से उठ खड़ी होगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री शरत बरकटकी, विधायक दल के उपाध्यक्ष रकीबुल हुसैन, कार्यकारी अध्यक्ष राणा गोस्वामी, कमलाक्ष दे पुरकायस्थ व जाकिर हुसैन सिकदार, युवा कांग्रेस नेता अंकिता दत्ता, एनएसयूआई अध्यक्ष कृशानू बरुवा आदि ने भी बैठक को संबोधित किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम लंच ब्रेक के बाद पुनः आरंभ हुआ। प्रशिक्षण आज तीन सत्रों में आयोजित किया गया। पहले सत्र में विषय वस्तु के अध्यक्ष डीपी रॉय, प्रशिक्षण विभाग के संस्थापक अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता, एआईसीसी, प्रशिक्षण विभाग के समन्वयक सुमन लस्कर, एआईसीसी और तीसरे सत्र में प्रशिक्षण विभाग के पर्यवेक्षक सचिन राव ने संबोधित किया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण आगामी 17 दिसंबर तक चलेगा। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें