-इस साल 14 हजार करोड़ का कर्ज लूंगा, अगले साल इससे ज्यादा ऋण लूंगा'
गुवाहाटी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को विधानसभा में चर्चा में हिस्सा लेते हुए सरकार के कर्ज लेने के मुद्दे पर कहा, 'इस साल मैं 14,000 करोड़ रुपये का कर्ज लूंगा। मैं गर्व के साथ और कर्ज लूंगा। अगले साल मैं और कर्ज लूंगा। विधानसभा ने मुझे इस साल 16 हजार करोड़ रुपये ऋण लेने की अनुमति दी है। मैं 14 हजार करोड़ रुपये कर्ज लूंगा।
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा, 'हर कोई कर्ज लेकर आगे बढ़ेगा और असम पिछड़ जाएगा। गरीब रहेगा। 70 साल में तीन मेडिकल कॉलेजों से राज्य आगे नहीं बढ़ा पाया था। केरल एक अनुकरणीय राज्य है। हम केरल का अनुकरण करते हैं। अगले साल 18 हजार करोड़ रुपये और उसके अगले वर्ष मैं 22 हजार करोड़ रुपये लूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम की जीडीपी बढ़ी है।
असम विधानसभा के पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन विपक्ष को जवाब देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा, मैं गर्व के साथ कर्ज लूंगा। पांच हजार करोड़ रुपये के कर्ज से 1900 पुलों का निर्माण करूंगा। मैं आई नदी और डिब्रूगढ़ में तटबंधों का निर्माण करूंगा। उन्होंने सदन को सम्बोधित करते हुए कहा कि विधायकों के पांच सदस्यीय एक दल को केरल, पंजाब आदि राज्यों का दौरा कर वहां के वित्त मंत्रियों से अगर चर्चा करेंगे तो पता चलेगा कि ऋण क्यों लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश की तुलना में असम में पेट्रोल पर सबसे कम टैक्स वसूला जाता है। उन्होंने वामपंथी नेता पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विधायक मनोरंजन तालुकदार के नेतृत्व में विधानसभा के एक दल को केरल जाना चाहिए। और दल को राइजर दल के एक मात्र विधायक अखिल गोगोई के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में जाकर पता करें।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा में आज शून्य काल में चर्चा के दौरान राज्य सरकार पर विपक्ष ने राज्य सरकार पर ऋण लेने का आरोप लगाते हुए राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर सवाल उठाया था। जिसके जवाब में मुख्यमंत्री ने काफी तल्ख लहजे में विपक्ष को जवाब दिया। (हि.स.)







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें