गुवाहाटी। आंचलिक डिमोरिया छात्र संघ और आट्सा के नेता व कार्यकर्ताओं द्वारा सोनापुर नाजीराघाट में बनाए गए टोल प्लाजा का फिर से एक बार विरोध किया जा रहा है।
रविवार को आंचलिक डिमोरिया छात्र संघ के कार्यालय में आयोजित संवादाता सम्मेलन के दौरान ऑल असम छात्र संघ की स्टेट कमेटी के संगठनिक सचिव दिव्य ज्योति मेधी ने कहा कि हम शुरू से ही इस टोल प्लाजा का विरोध करते आ रहे हैं। 27 नवम्बर को हमने राज्य के मुख्यमंत्री को एक पत्र प्रेषित कर इस टोल प्लाजा को बंद करने के लिए अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री द्वारा किसी प्रकार की अब तक प्रतिक्रिया नहीं आई, जिससे हम काफी आहत हैं।
छात्र नेताओं ने कहा कि आज तक राष्ट्रीय राजमार्ग का काम पूरा नहीं हुआ है। बावजूद लोगों से टैक्स वसूला जा रहा है। वहीं इस बार एचएमसी कंपनी को जब से टोल प्लाजा का टेंडर मिला है, तब से कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों से काफी दूर्व्यवहार करते हैं। एक ही वाहन का सोनापुर टोल प्लाजा में 110 के बदले 230, नगांव में 200, डबका में 160 वसूला जाता है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। अगर इसमें कोई भी व्यक्ति दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। (हि.स.)








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें