इथेनॉल से देश की अर्थव्यवस्था होगी मौजूद : रामेश्वर तेली - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

इथेनॉल से देश की अर्थव्यवस्था होगी मौजूद : रामेश्वर तेली



गुवाहाटी। देश में पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों से देश की अर्थव्यवस्था पर काफी दबाव पड़ रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार विभिन्न प्रकार के वैकल्पिक स्रोतों पर काम कर रही है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार एथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं रासायनिक गैस राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने आज कहा है कि पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट से जहां देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वहीं, बांस से इथेनॉल उत्पादन होने के कारण देश में नए रोजगार का सृजन होगा। खासकर असम समेत पूरे पूर्वोत्तर राज्यों के लिए यह सबसे बड़ा फायदा पहुंचाने वाला होगा। ये बातें केंद्रीय मंत्री ने गुवाहाटी के बेतकुची स्थित गुवाहाटी टर्मिनल के निरीक्षण के बाद कही।

ऑयल इंडिया के जनरल मैनेजर (ऑपरेशन) केवी राममूर्ति ने कहा कि गुवाहाटी टर्मिनल पूरी तरह से ऑटोमेटिक है। साथ ही, यह पहला स्मार्ट टर्मिनल है। पूरी तरह से पूर्वोत्तर की हरियाली के बीच स्थित जीसीआईआई सर्टिफाइड ग्रीन कंपनी सिल्वर रेटिंग कैटेगरी में आती है।

सीजीएम ने कहा कि यहां फिलहाल पेट्रोल में 2.5 फ़ीसदी ही इथेनॉल की मिलावट की जा रही है। इसे आने वाले दिनों में बढाकर 20 फ़ीसदी तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट की प्रमाणिकता साबित हो चुकी है। ब्राजील जैसे देशों में यह बड़े पैमाने पर किया जाता है।

उन्होंने कहा कि वाहन कंपनियां भी पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट से गाड़ी की सेहत पर कोई बुरा असर नहीं पड़ने की बात को स्वीकारती हैं।

केंद्रीय मंत्री रामेश्वर ने कहा कि फिनलैंड की तकनीकी मदद से राज्य के नुमलीगढ़ में असम बॉयो रिफायनरी प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना की जा रही। इस बॉयोरिफायनरी में बांस से इथेनॉल बनाया जाएगा। यहां तैयार इथेनॉल पेट्रोल में मिलाने के लिए उपयोग में लाया जाएगा, जिससे विदेशों से पेट्रोलियम पदार्थों के आयात में कमी आएगी और देश का बहुत बड़ा धन बच जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों के बांस की उपज को एक बड़ा बाजार मिलेगा। मंत्री तेली ने कहा कि इन तेल कंपनियों में श्रम कार्ड धारक श्रमिकों को नियोजित करने के लिए कहा गया है। साथ ही श्रमिकों को भविष्य निधि तथा ईएसआईसी की सुविधा मुहैया करवाने को कहा गया है।

उन्होंने ने कहा कि कांट्रेक्ट लेबर, टैंकर ड्राइवर, हेल्पर तथा अन्य अस्थायी श्रमिकों को पूरी सुविधा देने को कहा गया है। उन्होंने तेल कंपनियों द्वारा कमाए जा रहे लाभ के लिए उन्हें बधाई दी। साथ ही आशा व्यक्त की कि आने वाले दिनों में कंपनी अपनी बुलंदियों को छूएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें