जीएसटी संग्रह दिसंबर में 1.29 लाख करोड़ रुपये के पार - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

जीएसटी संग्रह दिसंबर में 1.29 लाख करोड़ रुपये के पार


-दिसंबर महीने में जीएसटी संग्रह में 13 फीसदी का इजाफा

नई दिल्ली। नए साल में आर्थिक र्मोचे पर सरकार के लिए अच्छी खबर है। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह दिसंबर, 2021 में 1.29 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। वित्त मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी  दी।

हालांकि, दिसंबर महीने में जीएसटी संग्रह नवंबर, 2021 के 1.31 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े से कम रहा है। दिसंबर, 2021 में लगातार छठे महीने सरकार का जीएसटी राजस्व संग्रह एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा है। पिछले साल की इसी समान अवधि की तुलना में 13 फीसदी का इजाफा हुआ है।

वित्त मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि दिसंबर, 2021 में सकल जीएसटी संग्रह 1,29,780 करोड़ रुपये रहा। इसमें केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) का हिस्सा 22,578 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) का हिस्सा 28,658 करोड़ रुपये और एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) का हिस्सा 69,155 करोड़ रुपये रहा। आईजीएसटी में वस्तुओं के आयात पर जुटाए गए 37,527 करोड़ रुपये भी शामिल हैं। इसके अलावा इसमें 9,389 करोड़ रुपये का उपकर (614 करोड़ रुपये वस्तुओं के आयात पर जुटाए गए) भी शामिल है।

उल्लेखनीय है कि दिसंबर, 2021 में जीएसटी संग्रह इससे पिछले साल के 1.15 लाख करोड़ रुपये से 13 फीसदी अधिक है। जीएसटी संग्रह दिसंबर, 2019 से 26 फीसदी ज्यादा है। वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में औसत जीएसटी संग्रह 1.30 लाख करोड़ रुपये प्रतिमाह रहा है जबकि पहली तिमाही में यह 1.10 लाख करोड़ रुपये और दूसरी तिमाही में 1.15 लाख करोड़ रुपये रहा था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें