अरुणा अग्रवाल
रंगिया। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी जाभीर राहुल सुरेश ने रंगिया महकमा के प्रभारी अतिरिक्त उपायुक्त के रूप में शनिवार को अपना पदभार संभाला। मालूम हो कि धनशीरी महकमा के पूर्व प्रभारी श्री जाभीर को गत 1 जनवरी को पदोन्नत किया गया था, परन्तु उन्हें हाल ही में आयोजित ठेङ्गाल-कछारी स्वायत्त परिषद के चुनावों के दायित्व में रहना पड़ा। वहीं उन्होंने बीते शनिवार को रंगिया महकमा की प्रभारी तथा रंगिया की राजस्व अधिकारी लीना कुमारी पावे से अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर रंगिया महकमा के प्रभारी नवनियुक्त अतिरिक्त उपायुक्त श्री सुरेश का रंगिया महकमा के समस्त कर्मचारियों द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया। रंगिया के महकमाधिपति कार्यालय के सभागार में आयोजित स्वागत बैठक में उन्होंने महकमा के सर्वांगीण विकास के लिए रंगिया महकमा प्रशासन के समस्त कर्मचारियों का सहयोग मांगा। उन्होंने सभी से लोगों की सेवा में ईमानदारी और लगन से काम करने और नियमित सरकारी काम में संलग्न होने का आह्वान किया। बैठक में सहायक आयुक्त चंपक डेका, निर्वाचन अधिकारी डॉ. नील हरित कौशिक, महकमा के सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी हेमंत कुमार शर्मा सहित महकमा प्रशासन के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक के अंत में रंगिया महकमा के नवनियुक्त प्रभारी अतिरिक्त उपायुक्त श्री सुरेश ने महकमाधिपति कार्यालय के विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अंतर-ढांचे की जमीनी कार्य का भी अवलोकन किया।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें