गुवाहाटी। असम में कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी के बीच मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को कहा कि राज्य में लॉकडाउन नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा, "देश के बाकी हिस्सों के साथ-साथ राज्य में भी कोरोना संक्रमण के मामले खतरनाक रूप से बढ़ रहे हैं और हमें कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की आवश्यकता है, लेकिन अभी कोई लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। हमें अर्थव्यवस्था और आजीविका में बाधा डाले बिना आगे बढ़ना होगा।”
आज मीडियाकर्मियों से मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में ओमिक्रोन के मरीज भी बढ़ रहे हैं। इससे कहा जा सकता है कि तीसरी लहर जल्द ही देश में आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा, “गुवाहाटी में स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के साथ एक बैठक की जाएगी, जिसमें चर्चा की जाएगी कि हम राज्य में ओमिक्रोन की स्थिति को कैसे संभाल सकते हैं।”
उन्होंने कहा, "ओमिक्रोन वेरिएंट का पूरे देश में फैलना चिंताजनक है। अब यह लगभग स्पष्ट है कि तीसरी लहर आ रही है। हालांकि, पूर्ण लॉकडाउन स्थिति से निपटने का समाधान नहीं है। हमें विशेष रूप से दिहाड़ी मजदूर समेत कई लोगों की आजीविका पर विचार करने की आवश्यकता है। राज्य सरकार कोरोना की तीसरी लहर का सामना करने के लिए तैयार है।"
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह गुरुवार को वर्तमान स्थिति की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ चर्चा के लिए बैठेंगे। उन्होंने कहा, "अगर कोरोना के मामले लगातार बढ़ते रहे तो कुछ प्रतिबंध लगाए जाने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग के साथ स्थिति की समीक्षा की जा रही है और कोरोना दिशा-निर्देशों को संशोधित किया जा सकता है। हालांकि, वर्तमान परिदृश्य में लोगों की अर्थव्यवस्था और आजीविका को भी ध्यान में रखना होगा। उन्होंने साफ किया कि राज्य में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा।"
फिलहाल राज्य सरकार ने राज्य में रात 11.30 बजे से सुबह 6 बजे तक रात का कर्फ्यू लगाया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अनुरोध किया कि वे कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें और अपने टीके समय पर लें। राजधानी गुवाहाटी समेत असम में हालांकि हाल ही में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेज वृद्धि दर्ज हो रही है। सौभाग्य से राज्य में अभी तक ओमिक्रोन वेरिएंट का एक भी मामला सामने नहीं आया है।
उल्लेखनीय है कि देश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और असम में भी 1 जनवरी से वायरस के बढ़ते मामले देखे गए हैं। राज्य में मंगलवार को कोरोना के 475 मामलों की सूचना सामने आई है, जिसमें कामरूप (मेट्रो) जिला में 196 के साथ सबसे अधिक मामले दर्ज किये गये हैं और तीन नए कोरोना संक्रमितों की मौत भी हुई है।
इस बीच, पड़ोसी राज्य मेघालय में भी मंगलवार को कोरोना के ओमिक्रोन वेरिएंट के पांच नए मामले दर्ज किए गये हैं, जिनमें से असम का एक व्यक्ति नये वेरिएंट से संक्रमित हो गया है जिसने मंगलवार को राज्य की यात्रा की थी। (हि.स.)







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें