निखिल कुमार मुंदड़ा
होजाई। होजाई के विधायक रामकृष्ण घोष ने सोमवार को कहा कि होजाई के विधायक के रूप में यह मेरा कर्तव्य है कि मैं होजाई विधानसभा क्षेत्र के उन्नयनमूलक कार्यों में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त ना करूं। घोष ने कहा नेताजी का मानना था कि 'आजादी दी नहीं जाती, ली जाती है', मुझे नेताजी की विचारधारा में पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि होजाई के विधायक के रूप में यह मेरी प्रमुख जिम्मेदारी है कि मैं होजाई के समग्र विकास के लिए कोई कसर नहीं छोडूं। उन्होंने कहा कि नेताजी किसी धर्म विशेष के नेता नहीं थे, वे राष्ट्र के नेता थे, उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, वे जनता के नेता थे जो हमेशा राष्ट्र के हित के लिए लड़े। घोष ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश को नेताजी के बलिदान को पहचानने में सात दशक लग गए। घोष ने नेताजी के योगदान को दबाने के लिए जानबूझकर की गई इस लापरवाही के लिए कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा। घोष ने कहा नेताजी ने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया, वह सही मायने में मां भारती के पुत्र थे, यह हमारा कर्तव्य है कि हम अपने दैनिक जीवन में नेताजी के मूल्यों और आदर्शों का अनुकरण करें। उल्लेखनीय है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जन्मजयंती के उपलक्ष्य पर होजाई में मेन रोड पर स्पोर्ट्स फॉर यूथ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधायक रामकृष्ण घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं इस अवसर विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित पूर्व मंत्री डॉ. अर्धेंदु कुमार दे ने अपने संबोधन में कहा यह नेताजी सुभाष चंद्र बोस थे जिन्होंने हमें जय हिंद का नारा दिया था। दे ने कहा नेताजी देश के सच्चे देशभक्त थे, अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके सपने को पूरा करें और 'भारत' को सुपर पावर बनाने में अपना योगदान दें। इसके बाद यहां नेताजी के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों व बच्चों ने विभिन्न देश भक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी। मंच पर अन्य अतिथियों के साथ स्थानीय युवा अमित दास ने नेताजी की वेशभूषा में उपस्थित थे। गौरतलब है कि 23 जनवरी यानि रविवार को कालीबाड़ी से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की झांकी के साथ रंगारंग रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व विधायक रामकृष्ण घोष ने अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ मशाल के साथ किया। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए उसी स्थान पर समाप्त हुई। उक्त कार्यक्रम की लोगों ने जमकर प्रशंसा की।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें