केंद्रीय मंत्री रिजिजू का विपक्ष पर हमला, कहा- जनता को भ्रम में डालने की हो रही कोशिश - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

केंद्रीय मंत्री रिजिजू का विपक्ष पर हमला, कहा- जनता को भ्रम में डालने की हो रही कोशिश



-डीडी यूपी के कॉन्क्लेव में कहा, उत्तर प्रदेश में फिर बनेगी भाजपा की सरकार


-योगी से डरते हैं माफिया, नियमों का पालन करने वाले करते हैं समर्थन : रिजिजू

लखनऊ। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि पांच साल पहले का उत्तर प्रदेश और आज के उत्तर प्रदेश में बहुत बदलाव हुआ है। पहले उत्तर प्रदेश में कानून काम नहीं करता था। लोग अपने हिसाब से राज्य को चला रहे थे। माफिया प्रदेश को चला रहे थे। जो लोग समाज में भय पैदा करते थे, वह आज योगी से भय खाते हैं। जो लोग कानून का पालन करते हैं वह योगी से डरते नहीं बल्कि प्यार करते हैं। उन्हें समर्थन करते हैं।

केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने डीडी कॉन्क्लेव में कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए चुनाव प्रक्रिया में संशोधन करना कोई खराबी नहीं है। चुनाव सुधार विपक्ष नहीं चाहता। विपक्ष को यह भी बताना चाहिए कि क्यों नहीं होगा। केवल इसलिए न हो क्योंकि वह कह रहे हैं, यह नहीं चलेगा। उन्हें तर्क भी देना चाहिए। रिजिजू ने कहा कि वे चुनाव आयोग से लगातार बात करते रहते हैं कि क्या बदलाव किया जा सकता है। आधार को वोटरकार्ड से जोड़ने पर भी विपक्ष ने खूब भरमाने की कोशिश की। विपक्ष के लोग कह रहे हैं कि आधार कार्ड से जोड़ने पर यह यह पता चल जाएगा कि वह किस पार्टी को वोट देंगे। रिजिजू ने कहा कि देश और उत्तर प्रदेश की जनता भ्रम में पड़ने वाली नहीं है।

उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। वर्ष 2017 से पहले यहां लड़कियां दिन में भी बाहर निकलने से डरती थीं। आज रात में भी महिलाएं बाहर निकल सकती हैं। आज बहुत बड़ा बदलाव हुआ है। योगीराज में प्रदेश का माफिया डरा है। देश में 10 राज्य में हिन्दू अल्पसंख्यक हैं। उन्हें अल्पसंख्यक क्यों नहीं माना जा रहा है। यह मामला कोर्ट में पहुंचा और कोर्ट ने केंद्र से जवाब मांगा है। उहोंने कहा कि यह बात सही है कि ऐसे राज्य हैं, लेकिन यह सारी बातें उस वक्त खत्म हो जाती हैं जब प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं। हमारी सरकार में सबको एक दृष्टि से देखते हैं। सबको साथ लेकर चल रहे हैं।

महिलाओं की वैवाहिक उम्र बढ़ाये जाने के सवाल पर केंद्रीय विधि मंत्री ने कहा कि यह मंच ऐसे तकनीकी सवालों का जवाब देने का नहीं है, लेकिन यह बात भी सही है कि जब सरकार वृहद स्तर पर काम करती है तो समाज का कोई भी वर्ग विकास की दौड़ में नहीं पिछड़ेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द सुनवाई पूरी हो। तीन साल के भीतर सुनवाई पूरी होनी चाहिए। उम्र निकल जाने के बाद मुकदमें की सुनवाई पूरी होगी तो उसे न्याय नहीं मिल पाएगा। इसलिए जरूरी है कि समय पर सुनवाई पूरी हो। उन्हें न्याय मिले। यह तभी सम्भव है जब निचली अदालतें ठोस काम करेंगे। केंद्र सरकार की तरफ से इस पर काम किया जा रहा है। हम चाहेंगे कि राज्य भी इस दिशा में काम करें।

रिजिजू ने कहा कि जो लोग उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का नारा दिया था, उन्हीं लोगों ने प्रदेश को बहुत नीचे ले गए थे। आज वे दावे के साथ कह सकते हैं कि प्रदेश की जनता भाजपा की एक बार फिर 2022 में सरकार बनाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें