अरुणा अग्रवाल
भारत-भूटान सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की रंगिया स्थित 24 वीं वाहिनी द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में ‘देश की हिफाजत- देश की सुरक्षा’ थीम पर आधारित एक सप्ताह के विभिन्न कार्यक्रमो के आयोजन का शुभारंभ किया गया। जिसके शुभारम्भ कार्यक्रम में नि:शुल्क मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन भारत-भूटान सीमाक्षेत्र के नालापारा गाँव में बल वाहिनी के कमान्डेंट हृषिकेश शर्मा के निर्देशन में डॉ. चन्दन तालुकदार, कमान्डेंट(पशु चिकित्सा) तथा डॉ. बन्दना देवी खरीबम, सहायक कमान्डेंट(चिकित्सा) की मौजूदगी में किया गया I इस चिकित्सा शिविर कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्र के करीब मरीजों की जाँच कर नि:शुल्क दवा का वितरण किया गया I इस मौके पर डॉ. बन्दना देवी खरीबम ने बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया तथा बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए दवा का वितरण किया I वही पशु चिकित्सक डॉ. चन्दन तालुकदार ने पशुओं का चिकित्सकीय परीक्षण कर नि:शुल्क दवा वितरित की तथा पालतू जानवरों की देखभाल से सम्बंधित जानकारी दी I इस मौके पर उपस्थित 24 वीं वाहिनी के कमान्डेंट हृषिकेश शर्मा ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाले गरीब लोगों के लिए यह शिविर लगाया गया है ताकि सीमावर्ती लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा उपचार, दवा व पशुओं से सम्बंधित होने वाले रोगों का उपचार व निदान सुगमता से हो सके I कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण तथा एसएसबी के अन्य अधिकारी व जवान भी उपस्थित थे I इसके साथ ही ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम के तहत आज बल वाहिनी के रंगिया स्थित मुख्यालय प्रांगण में ‘डॉग शो’ का आयोजन किया गया जिसमे बटालियन के श्वान दस्ते ने अपने करतब दिखाकर उपस्थित बच्चों तथा अन्य लोगों का मन मोह लिया I इसके अलावा श्वान दस्ते ने कई अन्य बेहतरीन प्रदर्शन भी करके दिखाए I इस मौके पर बटालियन के सभी अधिकारी, जवान तथा संदीक्षा (वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन) की सभी सदस्याएं भी मौजूद थी ।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें