असम सरकार देगी 26 हज़ार नौकरियां, 11 अप्रैल से 30 मई तक कर पाएंगे आवेदन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

असम सरकार देगी 26 हज़ार नौकरियां, 11 अप्रैल से 30 मई तक कर पाएंगे आवेदन


गुवाहाटी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार की शाम को ट्वीट कर कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि असम सरकार ने आज ही तृतीय और चतुर्थ वर्ग के 26,441 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है। यह एक तरह से एक लाख रोजगार देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके लिए आवेदन 11 अप्रैल से 30 मई के बीच जमा किये जा सकते हैं।


उल्लेखनीय है कि भाजपा ने विधानसभा चुनावों के दौरान अपने प्रचार में एक लाख रोजगार देने का वादा किया था जिसको लेकर विपक्ष पिछले कुछ दिनों से लगातार हमलावर है। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी विपक्ष इसको मुद्दा बनाकर सरकार को घेरने की कोशिश की। जिसके जवाब में मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा था कि हम अपने वादों से पीछे नहीं हटेंगे। जबकि, बजट संबोधन में राज्य की वित्त मंत्री अजंता नेउग ने भी एक लाख नियुक्ति के लिए बजट का आवंटन किया था।

ज्ञात हो कि शनिवार को असम सरकार के नियुक्ति आयोग ने तृतीय और चतुर्थ वर्ग के कर्मचिरयों के 26,441 पदों के लिए विज्ञापन जारी किये हैं। राज्य सरकार की एक लाख नियुक्तियों के सापेक्ष में दो नौकरियों के विज्ञापन प्रकाशित किए गए हैं।

कुल 26,441 रिक्तियों को भरने के लिए विज्ञापन जारी किये गए हैं। इसमें से तृतीय वर्ग में कुल पदों की संख्या 13,141 और चतुर्थ वर्ग के लिए 13,300 पद हैं। आवेदन की प्रक्रिया 11 अप्रैल से शुरू होगी। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। 11 अप्रैल से आरंभ होकर आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई है।

तृतीय वर्ग के लेखाकारों, कैसियर, कनिष्ठ सहायकों, एलडीए और स्टेनोग्राफर के पदों की कुल संख्या 8,331 है। इसके लिए उम्मीदवार को ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए और उनके पास कम से कम 6 महीने का कंप्यूटर सर्टिफिकेट होना चाहिए।

फील्ड असिस्टेंट, फील्डमैन, फोरमैन, सेक्शन असिस्टेंट, मृदा संरक्षण, फील्ड वर्कर्स, जूनियर एक्सीलेंस ऑफिसर के पदों की कुल संख्या 3,690 है। इसके लिए उम्मीदवार को हायर सेकंडरी पास होना होगा। दूसरी ओर ड्राइवरों की कुल संख्या 1,120 है। ड्राइवर उम्मीदवार को उच्चतर माध्यमिक उत्तीर्ण होना चाहिए। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें