गुवाहाटी (असम)। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और राज्यसभा में उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को यहां कहा कि पीडब्ल्यूडी (गरीब, महिला, दलित) सशक्तिकरण के "मोदी मंत्र" ने देश के सांप्रदायिक, जातिवादी और भ्रष्टाचार की व्यवस्था को प्रभावित किया है।
गुवाहाटी में आयोजित "हुनर हाट" में पत्रकारों को संबोधित करते हुए नकवी ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत में वंचितों और दलितों के समावेशी सशक्तिकरण के एक आइकॉन बन गए हैं, दूसरी और उन्हें दुनियाभर में शांति के लिए "आशा की किरण" के रूप में स्वीकार किया गया है।
नकवी ने कहा कि जहां देश का हर वर्ग प्रधानमंत्री मोदी को "विकास के साथ विश्वास" का प्रतीक मानता है, वहीं पूरी दुनिया उन्हें "वैश्विक शांति के प्रतिपादक" के रूप में उनकी प्रशंसा करती है। मोदी ने संकट की घड़ी में हमेशा "समस्या निवारक" की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि असम सहित देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र, जो दशकों से उपेक्षित था, को प्रधानमंत्री मोदी ने "प्रगति और समृद्धि के प्राथमिकता का भागीदार" बनाया है।
केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा कि मोदी सरकार की "एक्ट ईस्ट पॉलिसी" ने असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है। मोदी ने 2014 में पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश की विकास प्रक्रिया की मुख्य धारा में लाने का संकल्प लिया था। मोदी की दृष्टि पूर्वोत्तर क्षेत्र के आर्थिक विकास की गति को तेज करने की रही है, ताकि पूरा क्षेत्र देश के बाकी हिस्सों के साथ विकास समानता हासिल कर सके। मोदी सरकार के पिछले लगभग 8 वर्ष के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र में युद्धस्तर पर विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन, नागरिक उड्डयन, कृषि और बागवानी हो, इन सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। "आत्मनिर्भर हस्तशिल्पकार योजना" ने उत्तर पूर्वी क्षेत्र की कला और शिल्प कौशल की पारंपरिक विरासत को बाजार और अवसर प्रदान किए हैं।
नकवी ने कहा कि 38वें हुनर हाट का आयोजन 11 से 20 मार्च तक गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड पर किया जा रहा है। “हुनर हाट” में 28 से अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में महिला कारीगरों सहित छह सौ से अधिक कारीगर और शिल्पकार भाग ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा करेंगे हुनर हॉट का उद्घाटन
पूर्वोत्तर क्षेत्र में "हुनर हाट" का आयोजन पहली बार किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा 12 मार्च की सुबह 11:30 बजे गुवाहाटी "हुनर हाट" का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस "हुनर हाट" में कुल तीन सौ स्टॉल लगाए गए हैं। इसके अलावा, "मेरा गांव मेरा देश", "विश्वकर्मा वाटिका", सर्कस, देश के प्रसिद्ध कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेल्फी पॉइंट आदि गुवाहाटी में "हुनर हाट" के प्रमुख आकर्षण हैं।
"हुनर हाट" में प्रतिदिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
सर्कस के कलाकार हर दिन "हुनर हाट" में प्रस्तुति देंगे। जानकारी के अनुसार सुरेश वाडेकर, महालक्ष्मी अय्यर, अमित कुमार, सुदेश भोसले, जुबीन गर्ग, अल्ताफ राजा, कल्पना पटवारी, हमसिका अय्यर, अर्चना शर्मा, उपासना सिंह, दीक्षु सरमा, पद्मनाव बोरदोलोई, सुनीता भुइयां, रानी इंद्राणी, भूमिका मलिक, रेखा राज, मोहित खन्ना, प्रिया मलिक, रितेश मिश्रा, गुंजन सक्सेना, जूनियर महमूद, नेहा खान जैसे देश के जाने-माने कलाकार गुवाहाटी के हुनर हाट में हर दिन शाम को विभिन्न सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम पेश करेंगे।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें