बेरोजगारों के लिए भर्ती आयोग की परीक्षा कड़ी सुरक्षा में आज रविवार से - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

बेरोजगारों के लिए भर्ती आयोग की परीक्षा कड़ी सुरक्षा में आज रविवार से

 


गुवाहाटी। राज्य में 26 हजार से भी अधिक पदों के लिए भर्ती आयोग द्वारा 21 व 28 अगस्त और 11 सितंबर को परीक्षा कराने का निश्चय किया है। भर्ती परीक्षा में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सारी व्यवस्था की गई है। जिन जिलों में परीक्षा होगी वहां इन तीनों तिथियों को 4 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद रहेगी। परीक्षाओं के लिए असम माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सेबा) ने पूरी तैयारी कर ली है। सेबा बोर्ड के अध्यक्ष आरसी जैन, सचिव नर नारायण नाथ व कल्याण चक्रवर्ती ने संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि सेबा बोर्ड की तरफ से सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिसकी जिम्मेवारी 25 जिलों के जिला उपायुक्तों को सौंपी गई है। सेबा की ओर से एक अधिकारी और सरकार की ओर से एक राजपत्रित अधिकारी परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहेगा। उनकी मदद के लिए आठ सरकारी कर्मचारी को भी परीक्षा केंद्र में नियुक्त किया जाएगा। परीक्षा में किसी भी तरह की बाधा डालने वालों पर त्वरित कार्रवाई का आदेश भी दिया गया है। परीक्षा केंद्र के आसपास एक सौ मीटर की दूरी तक 144 धारा लागू रहेगी। इस क्षेत्र में किसी भी तरह का जमावड़ा, प्रतिरोध एवं नारेबाजी प्रतिबंधित रहेगी। चौथे वर्ग के लिए 21 अगस्त और तृतीय श्रेणी वर्ग के लिए 28 अगस्त को लिखित परीक्षाएं होगी। चालक पद के लिए लिखित परीक्षा 11 सितंबर को होगी। राज्य भर में 1280 केंद्रों पर यह परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक स्केनर , ब्लूटूथ डिवाइस, माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा, साथ ही केलकुलेटर, पेन ड्राइव, पेपर और किसी तरह की किताबें परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रहेगी। वीडियो कैमरा के द्वारा पूरे परीक्षा केंद्र मे निरंतर वीडियोग्राफी भी जारी रहेगी। 26 हजार से अधिक पदों के लिए 14 लाख 30 हजार 338 लोगों ने आवेदन किया है। इन पदों में 48 विभागों की विभिन्न रिक्तियां भी शामिल है। यह परीक्षाएं राज्य के 25 जिलों में आयोजित की जाएगी । प्रथम चरण में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक एवं द्वितीय चरण में दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। इस अवधि में इंटरनेट सेवाएं बंद रहेगी। राज्य स्तरीय भर्ती आयोग द्वारा इस तरह की कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा आयोजित करने का यह पहला उदाहरण है। राज्य सरकार की यह पूरी चेष्टा रहेगी की परीक्षा में किसी भी तरह की धांधली, भ्रष्टाचार, अव्यवस्था आदि ना रहे। स्वयं मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा सभी 25 परीक्षा केंद्रों पर अपनी नजर रखे हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें