शारदीय दुर्गोत्सव के आयोजन के संबंध में कामरूप जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

शारदीय दुर्गोत्सव के आयोजन के संबंध में कामरूप जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

जिला में प्रशासन द्वारा पूरी तरह से व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा आयोजित करने का आह्वान।

रंगिया/अमीनगांव। रंगिया महकमा सहित समस्त कामरूप जिला में आगामी दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर कामरूप जिला के एकीकृत कार्यालय के बैठक कक्ष में आज एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिले के अतिरिक्त उपायुक्त ध्रुवज्योति दास की अध्यक्षता आयोजित की गई जिसमें जिला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीफ आहमेद, राजस्व चक्राधिकारी गण, सहायक आयुक्त गण, दमकल विभाग, लोक निर्माण विभाग, असम विद्युत वितरण कंपनी, एनडीआरएफ, एचडीआरएफ आदि के वरिष्ठ अधिकारियों तथा रंगिया महकमा सहित जिला के विभिन्न अंचलों के करीब डेढ़ सौ पूजा समितियों के प्रतिनिधी उपस्थित रहे। इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने जिला के अंतर्गत सभी दुर्गापूजा समितियों को विभिन्न दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तृत रूप से अवगत किया साथ ही पूजा के आयोजन की अनुमति के लिए आगामी 25 सितंबर के भीतर आवेदन करने का आह्वान किया। वहीं  उन्होंने दमकल, बिजली आदि संबंधित विभागों से समिति के आवेदन के पश्चात आपत्तिविहीन प्रमाण पत्र यथासम्भव जल्द से जल्द जारी करने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। उल्लेखनीय है कि इसबार से कामरूप जिला प्रशासन द्वारा पूजा के आयोजन की अनुमति के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के जरीए ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ की गयी है। जिसको लेकर बैठक में रंगिया के सहायक आयुक्त अम्लान बैश्य ने प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पूजा समिति द्वारा पूजा का स्थान, दमकल और बिजली विभाग से आपत्तिविहीन प्रमाण पत्र संग्रह होने के बाद स्थानीय राजस्व चक्राधिकारी के कार्यालय से सार्वजनिक सेवा केंद्र में जाकर अनुमति के लिए ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन करना होगा तथा यह प्रक्रिया समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा जारी किये गए प्रमाण पत्र पूजा समिति अपने मोबाईल फोन पर डाउनलोड कर पाएंगे।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी पूजा समिति को पूजा मण्डपों में पुरूष और महिलाओं के लिए अलग- अलग प्रवेश और प्रस्थान द्वार की व्यवस्था करने के साथ पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग से प्रशावागार  की व्यवस्था करने का आह्वान किया। इसी तरह पूजा मंडप में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक, रात्रि पहरे की व्यवस्था सुनिश्चित करने, पूजा स्थल पर सीसीटीवी या वीडियोग्राफी की व्यवस्था, महाप्रसाद, भोग आदि बनाने के क्षेत्र में आवश्यक सावधानी बरतने का अनुरोध किया। राजमार्गों को अवरुद्ध कर पूजा मंडप का निर्माण, यान- वाहनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों आदि से बलपूर्वक चंदा संग्रह, रात्रि के समय उच्च स्वर में  अनुभाष यंत्र का उपयोग तथा पूजा मंडप के आस पास सुरा और जुआ के  खिलाफ़ सख्त कार्रवाई की जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। इसके अलावा प्रत्येक पूजा मंडप पर कार्यवाहक दंडाधिकारी, पुलिस, दमकल, एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक फोन नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने का समितियों को आह्वान किया गया।  दूसरी ओर प्रतिमा विसर्जन के सम्बंधित दिशा-निर्देशों तथा अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा के लिए स्थानीय पूजा समितियों को पुलिस, स्वास्थ्य विभाग आदि द्वारा आगामी 20 सितंबर के भीतर बैठक में शामिल होने के लिए सम्बंधित राजस्व अधिकारियों को इसका दायित्व सौंपा।  
जिला में शारदीय दुर्गोत्सव को व्यवस्थित और पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन ने पूजा समितियों के सभी स्तरों में सहायता एवं सहयोगीता की कामना की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें