पूजा माहेश्वरी
नगांव। पुलिस ने शुक्रवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर जीसू क्राइस्ट की नकली सोने की मूर्ति के साथ नगदी बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इस संदर्भ में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। नगांव सदर थाना अंतर्गत हैबरगांव पुलिस चौकी के प्रभारी अधिकारी आभाज्योति राभा के नेतृत्व में पुलिस के एक दल ने नगांव शहर के नजदीकी अंचल कातिमारी में अभियान चलाया था। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कातिमारी के शाहेद अली और जेहिरुल इस्लाम नामक दोनों पिता-पुत्र ने लंबे समय से नकली सोने का व्यापार चलाते आ रहे थे। शुक्रवार को शाहेद अली और जेहिरूरल इस्लाम ने नगांव शहर के भुंयापट्टी के लक्खिनंदन नामक एक व्यक्ति को जीसू क्राइस्ट की नकली सोने की मूर्ति बेचने के लिए संपर्क साधा था। उक्त व्यक्ति ने इस विषय की जानकारी हैबरगांव पुलिस चौकी को दे दी । पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए कातिमारी के शाहेद अली के घर अभियान चलाकर जीसू क्राइस्ट की नकली सोने की मूर्ति के साथ 53 हजार 500 रुपया बरामद किए। पुलिस ने इस अभियान के दौरान शाहेद अली को गिरफ्तार कर लिया परंतु उसका पुत्र जेहिरूरल इस्लाम फरार हो गया। गिरफ़्तार किये गये शाहेद अली से पुलिस और जानकारी हेतु गहन पूछताछ कर रही है।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें