गुवाहाटी। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सकल जैन समाज के तत्वावधान में भगवान महावीर जन्म जयंती महोत्सव के दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर दिनांक 2 अप्रैल को सायं 6:00 बजे से आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि असम के राज्यपाल महामहिम गुलाबचंदजी कटारिया होंगे।
इस उपलक्ष्य पर महामहिम गुलाबचंदजी कटारिया को निमंत्रित करने के लिए सकल जैन समाज का एक प्रतिनिधिमंडल गत 28 मार्च को राजभवन गया, जिनमें श्री दिगंबर जैन समाज, गुवाहाटी के अध्यक्ष श्री महावीर प्रसाद जैन, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा के अध्यक्ष श्री बजरंग कुमार सुराणा व मंत्री श्री रायचंद पटावरी, श्री साधुमार्गी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष श्री जीवराज पींचा व मंत्री श्री धनराज बोथरा, श्री जैन श्वेताम्बर मंदिरमार्गी संघ के अध्यक्ष सीए एमसी जैन व उपाध्यक्ष श्री नरेश कुमार कोठारी, दिगम्बर जैन महासभा के उपाध्यक्ष श्री अशोक कुमार छाबड़ा, महावीर भवन ट्रस्ट के महामंत्री श्री विजय कुमार गंगवाल, अमृत भोग भंडारा के संस्थापक श्री भागचंद बड़जात्या शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल के विनम्र निवेदन पर राज्यपाल महोदय ने सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति का आश्वासन दिया।
भगवान महावीर जयंती के उपलक्ष्य पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। दिनांक 2 अप्रैल को प्रातः 6:00 बजे श्री दिगम्बर जैन मंदिर से प्रभातफेरी निकलेगी, जिसका समापन ए. टी. रोड स्थित महावीर भवन धर्मस्थल में परिसर में होगा, जहां अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। सायं 6:00 बजे श्री दिगम्बर जैन पंचायत द्वारा महावीर स्थल में एक शाम त्रिशलानंदन के नाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्य अतिथि असम के राज्यपाल महामहिम गुलाबचंदजी कटारिया होंगे।
दिनांक 3 अप्रैल को प्रातः 8:30 बजे फैंसी बाजार स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर से गाजे-बाजे व विभिन्न रंगारंग झांकियों के साथ भव्य व विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। तत्पश्चात दोपहर 1:00 बजे महावीर भवन धर्मस्थल में समाज की सामूहिक गोठ का आयोजन किया गया है, जिसमें सकल जैन समाज अपने अतिथियों के साथ आमंत्रित हैं। सकल जैन समाज से अनुरोध किया गया है कि प्रभातफेरी एवं शोभायात्रा में पुरुष वर्ग सफेद एवं महिला वर्ग केसरिया वस्त्र धारण करें। साथ ही शोभायात्रा के दिन अपने- अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखें। इसके अलावा जैन समाज के सभी परिवार भगवान महावीर जन्मोत्सव के दिन अपने-अपने घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जैन ध्वज फहराएं। इस आशय की जानकारी दिगम्बर जैन समाज के मंत्री विरेन्द्र सरावगी एवं प्रचार-प्रसार मंत्री ओम प्रकाश सेठी द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें