गुवाहाटी। छत्रीबाड़ी स्थित श्याम मंदिर में दो दिवसीय श्याम फाल्गुन मेले का आज प्रथम दिन श्याम निशान यात्रा से शुभारंभ हुआ।इस अवसर पर श्याम मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गोपाल शर्मा ने प्रातः काल श्याम बाबा की विशेष पूजा अर्चना व अभिषेक कार्य संपन्न किया। शाम को ग्यारह सौ से भी अधिक पुरुष व महिलाओं ने श्याम बाबा के निशान के साथ नगर शोभा यात्रा निकाली। शोभायात्रा में शीश के दानी श्याम बाबा के शीश कौ सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया।निशान यात्रा को मुख्य अतिथि प्राइड ईस्ट इंटरटेनमेंट की प्रबंध निदेशिका रिनीकी भुंईया ने श्याम निशान को लहरा कर रवाना किया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी व फिल्म निर्माता शंकरलाल गोयंका, उद्योगपति कैलाश लोहिया, पार्षद प्रमोद स्वामी और सौरभ झुनझुनवाला, युवा समाजसेवी घनश्याम धानुका ने रथारूढ श्याम बाबा के शीश की आरती उतारी। केसरिया वस्त्रों में सुसज्जित महिलाओं एवं सफेद कुर्ते में पुरुषों ने श्याम जयकारे से नगर की सड़कों को गुंजायमान कर दिया। शोभायात्रा एटी रोड, तीन नंबर रेल गेट, एसआरसीबी रोड,सिख मंदिर, एसएस रोड, एमजी रोड, एसएस रोड, चार नंबर गेट होते हुए वापस छत्रीबाड़ी श्याम मंदिर पहुंची। रात्रि को स्थानीय कलाकार संतोष शर्मा, उज्जवल मोर एवं कोलकाता के आयुष शर्मा, डोली अग्रवाल ने श्याम बाबा के भजनों की गंगा प्रवाहित की। भजनों के मध्य श्याम बाबा को पुष्प की होली खिलाई गई। भक्तों के बीच अनमोल खजाने को भी लुटाया गया।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें