विभिन्न संगठनों की ओर से दी जाएगी निःशुल्क सेवाएं
गुवाहाटी। श्री गणगौर तीज महोत्सव समिति की ओर से आगामी 24 मार्च को फैंसी बाजार के एमजी रोड स्थित लाचित घाट (लखी गली के सामने) में गणगौर विसर्जन मेले का विराट आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक विवेक सांगानेरिया ने बताया कि इस अवसर पर कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं विभिन्न संगठनों की ओर से निःशुल्क सेवाएं भी दी जाएगी। मारवाड़ी युवा मंच कामाख्या शाखा की ओर से गणगौर सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में हाथ से सजाई गई गणगौर को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके पीछे संस्था का मुख्य उद्देश्य युवा पीड़ी को राजस्थानी संस्कृतिक एवं परंपरा से जोड़े रखना है।
इधर मारवाड़ी महिला एकता मंच की ओर से सोलाह शृंगार प्रतियोगिता व मेहंदी राचणी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं हाल ही में गठित नखराली बाइसा गुवाहाटी की ओर से ‘ननद-भोजाई’ जोड़ी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मां-बेटी, सास-बहू, दो बहनें, देवरानी-जेठानी आदि बतौर ननद-भोजाई की जोड़ी के तौर पर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। इन सभी प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके अलावा मेले के दौरान विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजन स्थल पर कई तरह की सेवाएं दी जाएगी। इनमें मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा, चेतना लेडीज क्लब, श्री राणी सती सत्संग समिति एवं श्री राणी सतीजी महिला समिति, श्री ढांढण शक्ति महिला समिति, बैद्यनाथ आसाम कांवरिया सेवा समिति, गुवाहाटी युवा कांवर संघ, श्री छाजल अमरी शक्ति समिति आदि संस्थाएं शामिल हैं।
समिति के अध्यक्ष विशाल भातरा ने बताया कि गणगौर विसर्जन मेले का आयोजन दोपहर 1.30 बजे से शाम 5 बजे के बीच किया जाएगा। ऐसे में सभी माताओं एवं बहनों से समय पर पहुंच कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सचिव आदर्श शर्मा (बाबली), कोषाध्यक्ष संजय मोर, निर्मल शर्मा (काल्लू), मनमोहन सिकरीया, पार्षद सौरभ झुनझुनवाला, दिनेश सिकरिया, अजय मोर, राजू तिवाड़ी सहित सभी सदस्य जुटे हुए हैं।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें