खालिस्तान समर्थक और अमृतपाल के साथियों ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को धमकी दी है। उन्होंने धमकी भरे संदेश में कहा कि हमारी लड़ाई भारत सरकार और पीएम मोदी से है। असम के मुख्यमंत्री इस बीच में न पड़ें। वे हिंसा के शिकार होने से बचें। बता दें कि गुरपतवंत सिंह पन्नू के संगठन सिख फोर जस्टिस के समर्थकों ने उन्हें धमकी दी है। उन्होंने कहा कि आप हमारे बीच में न पड़ें। हमारी लड़ाई आपसे नहीं है.
पन्नू ने कहा कि हम खालिस्तान जनमत संग्रह की एक शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से भारतीय कब्जे से पंजाब की मुक्ति की मांग कर रहे हैं। यदि आपकी सरकार छह (अमृतपाल के सहयोगी डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद) को प्रताड़ित और परेशान कर रही है, तो आपको जवाबदेह ठहराया जाएगा।
बता दें कि अमृतपाल सिंह और उनके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई 18 मार्च को शुरू हुई थी। कार्रवाई शुरू होने के कुछ हफ्ते बाद खालिस्तानी समर्थकों ने अपने एक गिरफ्तार कार्यकर्ता की रिहाई के लिए अमृतसर के पास अजनाला पुलिस स्टेशन पर धावा बोल दिया था।
इसके बाद कार्रवाई तेज होने पर अमृतपाल सिंह चकमा देने में कामयाब रहा और फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, अमृतपाल कई बार अपना रूप बदलकर अलग-अलग वाहनों में पंजाब से भाग निकला। पंजाब पुलिस ने उसके कई साथियों को वैमनस्य फैलाने, हत्या के प्रयास और हमले, पुलिस कर्मियों और लोक सेवकों की ओर से कर्तव्य निर्वहन में बाधा उत्पन्न करने से संबंधित आपराधिक मामलों में गिरफ्तार या हिरासत में लिया है। उन्होंने उनमें से कुछ के खिलाफ सख्त राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें