रमजान के महीने में हनुमान जयंती शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया प्रवासी मुस्लिम भाइयों ने
गुवाहाटी। गल्लापट्टी हनुमान जन्मोत्सव की शोभा यात्रा जब फैंसी बाजार मस्जिद के सामने से गुजरी तब फैंसी बाजार के मुस्लिम भाइयों ने नींबू पानी और जल सेवा से भव्य स्वागत किया। मुस्लिम भाइयों में शोभायात्रा के स्वागत को लेकर काफी उत्साह भी देखा गया। राजस्थान के लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर, सीकर, मुकुंदगढ़, चूरु, आदि के प्रवासी मुस्लिम भाईयो ने शोभायात्रा में जल सेवा करके एक भाईचारे की मिसाल कायम की ।इस अवसर पर जाकिर हुसैन ने कहा कि हम भारत में रहने वाले हिंदू मुस्लिम सभी भाई भाई हैं। हमें आपस में एकता के सूत्र में बंधकर रहना चाहिए। एक दूसरे के त्यौंहारों का सम्मान हमें करना चाहिए।हम चाहते हैं कि इस भाईचारे से राष्ट्र में अमन और चैन की बहाली हो और भारत विश्व में एक ऐसा राष्ट्र बन जाए जहां हिंदू मुस्लिम एकता की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिले। मुस्लिम भाइयों ने मस्जिद चौराहे पर आतिशबाजी कर के शोभा यात्रा का स्वागत किया। गौरतलब है कि मुस्लिम भाइयों का रमजान महीने में अभी रोजा भी चल रहा है। शोभा यात्रा में हिंदू-मुस्लिम सभी आपस में गले मिलते हुए भी दिखाई दे रहे थे।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें