निखिल कुमार मुन्दड़ा
होजाई। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 508 स्टेशनों के साथ असम के 32 स्टेशनों का पुनर्विकास करने के उद्देश्य से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शिलान्यास किया। इसी क्रम में होजाई, लंका व लामडिंग रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी। पीएम मोदी ने रिमोट दबाकर पुनर्विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गौरतलब है, होजाई, लंका व लामडिंग रेलवे स्टेशन में रेलवे द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। होजाई में उक्त कार्यक्रम में स्थानीय विधायक रामकृष्ण घोष, पौर सभानेत्री चतुर्थी रानी विश्वास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विधायक रामकृष्ण घोष ने होजाई में शिलान्यास पट्टी का फीता काटकर उद्घाटन किया। घोष ने अपने संबोधन में कहा मोदी नाम का अर्थ ही विकास है। उन्होंने कहा भाजपा विकास की राजनीति करती है इसलिए पूरे भारत का समग्र विकास हो रहा है। वहीं लंका में भी उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें होजाई के पूर्व विधायक शिलादित्य देव सहीत कई अन्य अतिथि उपस्थित थे। लंका में शिलादित्य देव ने फीता काटकर शिलान्यास पट्टी का उद्घाटन किया। वहीं लामडिंग में स्थानीय विधायक शिबू मिश्रा ने फीता काटकर शिलान्यास पट्टी का उद्घाटन किया। तीनों कार्यक्रमों में रेलवे द्वारा विभिन्न विद्यालयों में बौद्धिक विकास प्रतियोगिता कार्यक्रमों के तहत विजयी बच्चों को पुरस्कृत भी किया गय। उक्त कार्यक्रमों में समाज के प्रतिष्ठित, विभिन्न संस्थाओं के सदस्य, स्कूली बच्चे व स्थानीय लोग काफी संख्या में उपस्थित थे।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें