गुवाहाटी महानगर में झपटमार गिरोह के सदस्य सक्रिय गले से सोने की चेन व मोबाइल झपटने की घटनाएं सर्वाधिक
गुवाहाटी। कुमारपाडा स्थित नारायण नगर के रिहायसी इलाके में कनक लता रोड स्थित यूरो किड्स स्कूल के सामने हाउस नंबर 31 विशाल एनक्लेव के बरामदे मे अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे वरिष्ठ व्यक्ति विष्णु डीडवानिया से राह चलता एक युवक आकर किसी घर का पता पूछते हुए उनसे बातचीत करता है और बातचीत करते-करते ही उनके गले में पड़ी दो सोने की चेन को खींचकर फरार हो जाता है। दो सोने की चेन में से एक रुद्राक्ष के 108 दाने की सोने की चेन थी और दूसरी साधारण सोने की चेन थी।डीडवानीया ने भाग कर उसे पकड़ने की चेष्टा भी की मगर पकड़ नहीं पाये। यह सारी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना से कुछ सेकंड पहले ही एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर जाकर वहां रुकता भी है। यह घटना प्रातः 8:50 मिनट पर घटित हुई थी। विष्णु डीडवानिया एक सामाजिक व्यक्ति होने के नाते झपटमार को सहयोग देने के उद्देश्य से उससे बातचीत में लग गए। इसी बात का फायदा झपटमार ने उठा लिया। मामला भरलूमुख पुलिस थाने में दर्ज हो गया है और पुलिस अपने स्तर पर जांच कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर झपट मार को पकड़ने में जुट गई। गौरतलब है कि गुवाहाटी महानगर के विभिन्न इलाकों में राह चलते लोगों के साथ झपटमारी की घटनाएं आए दिन होती आ रही है। जिसमें सोने की चेन के अलावा मोबाइल को झपट मार झपटकर ले जाते हैं। मगर घर में सुरक्षित बैठे हुए व्यक्ति के गले से झपटमार अपने काम को अंजाम देकर फरार होने की यह घटना पहली बार हुई है। झटमारो ने रोज नए-नए तरीके ईजाद करने शुरू कर दिए हैं। उनके प्रकोप से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी नहीं बच सके। कुछ महीना पहले सुबह की सैर पर निकले एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हाथों से भी मोबाइल झपटने की घटना हो चुकी थी। इस घटना से यह बात साफ है कि नगर में झपटमारो का एक बहुत बड़ा गिरोह सक्रिय है। जो विभिन्न इलाकों में घूम कर अपने शिकार की तलाश कर मौका पाते ही घटना को अंजाम दे देते हैं। ऐसी घटनाओं में झपटमारो को पकड़ पाना भी संभव नहीं होता। कारण झपटमार सुनसान रास्ते में मौका देखकर अपने काम को अंजाम देते हैं और बाइक पर सवार होकर फरार हो जाते हैं।पीड़ित व्यक्ति जब तक कुछ समझ पाता उससे पहले वह वहां से नौ दो ग्यारह हो जाते हैं।सुनसान रास्तों में लोगों की आवाजाही भी कम होने की वजह से कोई सहायता करने भी जल्दी से नहीं पहुंच पाता।झपटमारो के हाथ में घातक हथियार होने की वजह से भी कुछ लोग उन्हें पकड़ने से कतरा जाते हैं। ऐसे में स्वयं की सावधानी ही बचाव का एकमात्र रास्ता होता है।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें