लोकसभा से सस्पेंड किए गए विपक्ष के 49 सांसद, कुल 141 सांसदों पर हुई कार्रवाई, बना रिकॉर्ड - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लोकसभा से सस्पेंड किए गए विपक्ष के 49 सांसद, कुल 141 सांसदों पर हुई कार्रवाई, बना रिकॉर्ड

 


सदन में तख्ती लेकर हंगामा और नारेबाजी करने के चलते मंगलवार को दूसरे दिन भी लोकसभा में विपक्षी सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 49 सांसदों को इस सत्र (शीतकालीन सत्र) से निलंबित कर दिया गया। इस तरह कुल 141 सांसदों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। सोमवार को 78 सांसदों को संसद से सस्पेंड किया गया था। पहली बार एक सत्र में इतने अधिक सांसदों को निलंबित किया गया है।


कार्रवाई किए जाने से पहले लोकसभा में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "सदन के अंदर तख्तियां नहीं लाने का फैसला सबकी सहमति से लिया गया था। हाल के चुनाव हारने के बाद हताशा के कारण विपक्ष के लोग हंगामा कर रहे हैं। यही कारण है कि हम एक प्रस्ताव (सांसदों को निलंबित करने का) ला रहे हैं। ये लोग इसी तरह हंगामा करते रहे तो आने वाले समय में इनकी संख्या और कम हो जाएगी।"


प्रह्लाद जोशी के बोलने के बाद लोकसभा में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सुप्रिया सुले, मनीष तिवारी, शशि थरूर, मोहम्मद फैसल, कार्ति चिदंबरम, सुदीप बंधोपाध्याय, डिंपल यादव और दानिश अली सहित अन्य विपक्षी सांसदों को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव के पास होते ही विपक्ष के 49 सांसद शेष शीतकालीन सत्र से निलंबित हो गए.


दूसरी ओर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने संसद परिसर में राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ का मजाक उड़ाया। उन्होंने विपक्षी सांसदों के सामने जगदीप धनखड़ की मिमिक्री की, जिसे देखकर कई सांसद ठहाके लगाकर हंसते दिखे। इस घटना को लेकर जगदीप धनखड़ ने नाराजगी व्यक्त की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें