गुवाहाटी के लिए सिरदर्द बना ट्रैफिक; मानव श्रंखला बनाकर लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

गुवाहाटी के लिए सिरदर्द बना ट्रैफिक; मानव श्रंखला बनाकर लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

 


गुवाहाटी। गुवाहाटी के भारलुमुख, शांतिपुर, माछखोवा, कुमारपाडा, आठगांव, फटाशील क्षेत्रों में गंभीर यातायात समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पर दबाव बनाने के लिए स्थानीय जनता ने मुख्य सडक एमजी रोड के किनारे मानव श्रृंखला बनाकर अपना विरोध प्रदर्शित किया।समिति के अध्यक्ष खनिन्द्र लाल शर्मा ने इस अवसर पर बताया कि हाल ही मे निर्मित गुवाहाटी-उत्तर गुवाहाटी ब्रह्मपुत्र पुल से भूतनाथ से माछखोवा तक एलिवेटेड कॉरिडोर 4 मार्च, 2024 को खोला गया था और महात्मा गांधी रोड पर भूतनाथ एटी रोड से माछखोवा तक सड़क डिवाइडर के उत्तरी हिस्से को पूरी तरह से बंद कर दिया गया।


 इस कार्रवाई के कारण इस क्षेत्र के निवासियों के लिए यातायात की भयंकर समस्या उत्पन्न हो गई है। एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण केवल गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी के बीच निर्माणाधीन ब्रह्मपुत्र पुल तक पहुंचने के लिए किया गया है। इसलिए, एटी रोड पर भूतनाथ से महात्मा गांधी रोड पर माछखुवा तक सड़क-विभाजक के (डिवाइडर )उत्तरी हिस्से की सड़क को बंद करने का कोई कारण नहीं है।अतः यातायात की अभूतपूर्व स्थिति के समाधान के रूप में, सड़क के इस हिस्से को जल्द से जल्द फिर से खोला जाना चाहिए। मालीगांव की ओर से फैंसीबाजार, पानबाजार, चांदमारी, उलुबारी, दिसपुर की ओर आने वाले वाहनों को एलिवेटेड कॉरिडोर से गुजरने की अनुमति दी जानी चाहिए। दूसरी ओर, शांतिपुर, भारलुमुख, कुमारपाडा, आठगांव, फाटासिल आदि जाने वाले वाहनों को पहले की तरह आगे बढ़ने की अनुमति दी जानी चाहिए। सिटी बसों को भी भूतनाथ, शांतिपुर, भरलुमुख और माछखुवा के तीन बस स्टॉप जिसे बंद कर दिया है उसे फिर से उपयोग करने की अनुमति दी जानी चाहिए। 


इस क्षेत्र के बड़े इलाकों में छोटे वाहनों को सड़कों के एक तरफ ही पार्क करने की अनुमति दी जानी चाहिए।इस क्षेत्र के बड़े इलाकों की गलियों और फुटपाथों पर सभी अतिक्रमण हटाए जाने चाहिए।नागरिक समन्वय समिति ने उपरोक्त प्रस्तावों के क्रियान्वयन के लिए पुलिस विभाग, परिवहन विभाग के शीर्ष अधिकारियों, लोक निर्माण (सड़क शाखा) विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला आयुक्त आदि को ज्ञापन सौंप दिया है।फिर भी कोई कार्रवाई नही हुई। अतः इन क्षेत्रों के निवासी वर्तमान यातायात जाम की समस्या के समाधान की मांग करते हुए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से मानव श्रृंखला कार्यक्रम का आयोजन कर अपना विरोध प्रकट कर रहे है।


मानव श्रृंखला विरोध प्रदर्शन मे संयोजक अब्दुल अहमद, अविनाश शर्मा ,समीक्ष दास के अलावा कुमारपाडा,माछखुवा, भरलुमुख, शांतिपुर के कई पुरुष और महिलाएं गले में तख्ती लटका कर एक घंटे के लिए विरोध प्रदर्शन किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें