गुवाहाटी। असम सरकार ने व्यापारियों और दुकानदारों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 23 सितम्बर 2025, मंगलवार को दोपहर 2 बजे के बाद से गुवाहाटी शहर की सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सरकार ने यह चेतावनी भी दी है कि अगर कोई व्यक्ति या समूह दिवंगत गायक जुबिन गर्ग के नाम का दुरुपयोग कर किसी भी व्यापारी या दुकानदार को जबरन दुकान बंद करने के लिए बाध्य करेगा, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने साफ़ किया है कि राज्य सरकार द्वारा घोषित राजकीय शोक की अवधि समाप्त हो चुकी है। इसलिए इसके बाद किसी भी प्रकार का बंद या व्यापारिक गतिविधियों में व्यवधान स्वीकार्य नहीं होगा। व्यापारी संगठनों और व्यवसायिक समुदाय को यह भी आश्वासन दिया गया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल उच्च सतर्कता पर रहेंगे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने जनता और व्यापारियों से अपील की है कि वे अफवाहों और दबाव में न आएँ। कामरूप चैंबर्स ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष महावीर जैन ने भी व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि गुवाहाटी के लोग मज़बूती से 23 सितम्बर को दोपहर 2 बजे के बाद अपनी दुकानें अवश्य खोलें। असम सरकार आपके साथ खड़ी है और आपकी सुरक्षा की पूरी गारंटी लेती है।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें