गुवाहाटी। भारत के प्रख्यात गायक, संगीतकार और अभिनेता जुबीन गर्ग का 52 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। यह दुखद हादसा सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुआ, जहां जुबीन गर्ग एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूबा डाइविंग के दौरान जुबीन गर्ग को एक गंभीर हादसे का सामना करना पड़ा। सिंगापुर पुलिस और रेस्क्यू टीम ने उन्हें समुद्र से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर्स ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
जुबीन गर्ग को बॉलीवुड में असली पहचान 2006 में आई फिल्म 'गैंगस्टर' के मशहूर गीत 'या अली' से मिली थी। इसके अलावा वे असमिया संगीत जगत के सुपरस्टार माने जाते थे और उन्हें उत्तर-पूर्व भारत में 'रॉकस्टार ऑफ द ईस्ट' कहा जाता था।
उनकी मौत की खबर से उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। विशेष रूप से असम और पूर्वोत्तर भारत में मातम का माहौल है।असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने जुबीन गर्ग के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि असम ने आज अपना सबसे चहेता बेटा खो दिया है। जुबीन गर्ग केवल एक गायक नहीं, बल्कि एक संपूर्ण सांस्कृतिक आंदोलन थे। उनका संगीत असम के युवाओं की धड़कनों में बसता था। यह उम्र नहीं थी कि वह हमें छोड़कर चले जाएँ।"मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके परिजनों के साथ खड़ी है।जुबीन गर्ग का जाना भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका संगीत और उनके विचार सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें